27 अगस्त से 8 सितंबर के बीच स्कूलों में परीक्षाएं न हों, दिगंबर जैन परिषद ने इसलिए की ये मांग
आगरा। दसलक्षण महापर्व और गणेश चतुर्थी के पावन अवसरों पर बच्चों को धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में भाग लेने का अवसर सुनिश्चित करने के लिए आगरा दिगम्बर जैन परिषद का एक प्रतिनिधिमंडल आज गुरुवार को आगरा जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने जिला अधिकारी आगरा अरविंद मलप्पा बंगारी जी को ज्ञापन सौंपा और 27 अगस्त से 8 सितंबर तक सभी बोर्ड के स्कूलों में परीक्षाओं के आयोजन न कराने का अनुरोध किया।
साथ ही इस ज्ञापन के साथ राज्यसभा सांसद नवीन जैन का पत्र भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें बच्चों के हित और धार्मिक पर्वों के महत्व को रेखांकित किया गया। इस दौरान जिला अधिकारी ने आश्वासन दिया कि परिषद के सुझावों पर ध्यान दिया जाएगा और आवश्यक आदेश दिए जाएंगे।
प्रतिनिधिमंडल में आगरा दिगंबर जैन परिषद के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जैन, मंत्री मनीष ठेकेदार, अर्थमंत्री राकेश जैन पर्देवाले, उपाध्यक्ष मनोज बल्लो, उपमंत्री विमल जैन, अशोक जैन, मुरारीलाल जैन, दीपक जैन, शुभम जैन सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। परिषद के पदाधिकारियों ने बच्चों और परिवारों की धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी को अपने विचार और सुझाव साझा किए।