बैंकों में बुजुर्गों के लिए अलग काउंटर हों, रिटायरीज की सेवाएं ली जाएं  

आगरा। आल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक पेंशनर्स एण्ड रिटायरीज एसोसिएशन ने एक अच्छी मांग उठाई है। एसोसिएशन ने बैंकों से कहा है कि वे अपना व्यापार बढ़ाने और ग्राहक सेवा में सुधार के लिए 70 वर्ष से अधिक उम्र के ग्राहकों के लिए अलग काउंटर बनाएं। इन काउंटर्स पर रिटायर लोगों (बैंककर्मियों) की सेवाएं ली जाएं। रिटायरीज लोग बुजुर्ग ग्राहकों को बेहतर सेवाएं दे सकेंगे।

Nov 18, 2024 - 14:17
 0
बैंकों में बुजुर्गों के लिए अलग काउंटर हों, रिटायरीज की सेवाएं ली जाएं   

-पंजाब नेशनल बैंक पेंशनर्स एण्ड रिटायरीज एसोसिएशन ने सालाना बैठक में उठाई मांग

एसोसिएशन की आगरा यूनिट की यहां होटल अतिथि वन में हुई सालाना बैठक में यह मांग उठाई गई। कहा गया कि रिजर्व बैंक भी बुजुर्ग ग्राहकों के लिए अलग काउंटर बनाने के लिए दिशा निर्देश दे चुकी है। 

आरपी शर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सेवानिवृत्त लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए सिस्टम में सुधार करने के साथ ही पेंशन अपडेटेशन की लंबित मांग को पूरा करने पर भी जोर दिया गया। चिकित्सा बीमा का प्रीमियम बैंक द्वारा वहन किए जाने और बैंक की अंशदान चिकित्सा योजना में सुधार की मांग भी की गई।

बैठक में मांग उठाई गई कि दस वर्ष के बाद कम्यूटेशन राशि की रिकवरी बंद कर अधिक वसूली गई कंप्यूटेशन राशि वापस की जाए। रिटायरीज के लिए अवकाश गृह योजना में सुधार किया जाए। स्टाफ वैलफेयर फंड से रिटायरीज के लिए अलग से फंड आवंटित करने और पीएनबी के सभी रिटायरीज के लिए समन्वय समिति बनाने की मांग भी की गई।

इन सभी बिंदुओं पर संगठन के केंद्रीय नेतृत्व ने बिंदुवार उत्तर दिया। अलग-अलग स्तर पर समस्याओं के समाधान की वर्तमान स्थिति से भी अवगत कराया गया। साथ ही बताया गया कि बैंक और सरकार द्वारा समस्याओं के उचित समाधान न होने पर केंद्रीय नेतृत्व उचित समय पर आंदोलन का कार्यक्रम भी बनाएगा।

बैठक में संगठन के मुख्य सलाहकार केडी खेड़ा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एनके जयरथ, कार्यकारी अध्यक्ष डीएस सोलंकी, संयुक्त सचिव एमएल गुप्ता, मंडल अध्यक्ष आरपी शर्मा और मंडल महामंत्री पीएन त्यागी ने विचार रखे। संचालन यूडी शर्मा और पीएन त्यागी ने किया।

SP_Singh AURGURU Editor