इनर रिंग रोड के रहनकलां टोल पर सपा कार्यकर्ताओं और टोलकर्मियों में बवाल
आगरा। थाना एत्मादपुर क्षेत्र स्थित इनर रिंग रोड के रहनकलां टोल प्लाजा पर शनिवार को समाजवादी पार्टी की एक महिला नेत्री की मौजूदगी में टोलकर्मियों और सपा कार्यकर्ताओं के बीच कथित विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया।
सूत्रों के अनुसार, सपा नेत्री और उनके साथी टोल पर किसी विवाद को लेकर टोलकर्मियों से बहस में उलझ गए। इसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि टोल स्टाफ ने कथित तौर पर सपा कार्यकर्ता के साथ हाथापाई कर दी। वायरल वीडियो में टोलकर्मी खुलेआम यह कहते सुने जा रहे हैं, 50 आओ, 100 आओ, सबको पीटकर भेजेंगे।
यह पहली बार नहीं है जब इनर रिंग रोड के इस टोल प्लाजा पर मारपीट या अभद्रता की शिकायतें सामने आई हैं। इससे पहले भी कई बार टोलकर्मियों पर दबंगई और मनमानी के आरोप लगे हैं। कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं, जिसमें टोल स्टाफ राहगीरों से बदसलूकी करते नजर आए।
एडीए के अधीन आता है टोल, फिर भी मनमानी?
बता दें कि इनर रिंग रोड टोल प्लाजा आगरा विकास प्राधिकरण के अधीन आता है। इसके बावजूद कर्मचारियों की कार्यशैली और बार-बार सामने आ रही हिंसा की घटनाओं ने की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।