लाड़ली जू सरकार के प्राकट्योत्सव पर छाया उल्लास, भक्तिरस में डूबा अग्रसेन भवन
आगरा। लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में विश्व मंगल परिवार सेवा संस्थान द्वारा आयोजित श्री राधा माधव रसामृत कथा के दूसरे दिन लाड़ली जू सरकार के प्राकट्य उत्सव पर भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। राधारानी के जयकारों से गूंजते माहौल में श्रद्धालु भजन-संकीर्तन में झूम उठे।
व्यासपीठ से देवी महेश्वरी श्रीजी ने कहा कि राधा-माधव की युगों पुरानी प्रेम गाथा दिव्य आदर्श है। माधव चंचल चित्त हैं और राधा कोमल हृदय। वृंदावन का निर्माण श्रीजी के हृदय कमल से हुआ है। श्रीकृष्ण की बंसी सुनकर गोपियां दौड़ी आतीं लेकिन राधा रुष्ट हो जातीं, तब माधव उन्हें मनाते। संपूर्ण जगत के स्वामी भी राधा के आगे नतमस्तक हैं।
कथावाचिका ने कहा कि सच्चा प्रेम मांगता नहीं, केवल देता है। और गुरु वही होता है जो परमब्रह्म से आत्मा की गांठ बांध दे। बरसाने में देखा बंगला, बंगला देखा राधारानी का... जैसे भजनों पर महिला-पुरुष श्रद्धालु झूम उठे।
अग्रसेन भवन में भक्ति की बाढ़ सी आ गई। श्रद्धालु राधा नाम का संकीर्तन करते हुए एक-दूसरे को बधाइयां देते दिखे। चारों ओर राधे-राधे की गूंज रही। राधारानी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
मीडिया प्रभारी अजेंद्र चौहान ने बताया कि कथा का समापन गुरुवार को होगा। मुख्य यजमान किशोर तिवारी व करुणा तिवारी हैं। दैनिक यजमान रामशंकर अग्रवाल व सरिता अग्रवाल, कमलेश अग्रवाल, राजेश बंसल रहे।
इस अवसर पर वीरेन्द्र अग्रवाल (अध्यक्ष), अजय गोयल (महामंत्री), कालीचरण गोयल (कोषाध्यक्ष), मुरारी प्रसाद अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, रामप्रकाश अग्रवाल, मोहनलाल सर्राफ, लालता प्रसाद सारस्वत, महेश द्वारिका, पवन चौधरी, जितेन्द्र फौजदार आदि मौजूद रहे। समापन की आरती की व्यवस्था अनीता नेचुरल ने संभाली और मंच संचालन प्रतिभा जिंदल ने किया।