15 लाख की लूट नहीं हुई, कारोबारी के कर्मचारी ने लूट की कहानी गढ़ी थी
आगरा। थाना कोतवाली क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले मानपाड़ा मोहल्ले में कारोबारी के कर्मचारी से 15 लाख की लूट की सूचना गलत निकली। जिस कर्मचारी ने नोटों से भरा बैग लूटे जाने की बात कही थी, दरअसल उसी ने लूट की कहानी गढ़ी थी। वह कैश की लूट दिखाकर 15 लाख रुपये हड़पने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की सख्ती से टूट गया और उसने सच कबूल कर लिया।
-लूट दिखाकर 15 लाख का कैश हड़पने की कोशिश में था कर्मचारी विशाल, गिरफ्तार
-इसके साथी अभिषेक को तलाश रही है पुलिस, रकम की बरामदगी की भी कोशिशें
पहले यह जानकारी मिली थी कि ज्वेलर्स के कर्मचारी से 15 लाख की लूट हुई है, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि कर्मचारी ज्वेलर का न होकर मुखर्जी मार्केट के एक कपड़ा व्यापारी के यहां काम करता था। इस कर्मचारी ने आज दोपहर में 15 लाख रुपये की नकदी मानपाड़ा में लूटे जाने की सूचना दी तो पुलिस में हड़कम्प मच गया था। कारोबारी भी लूट की सूचना से दहशत में आ गए थे।
लूट की सूचना मिलते ही डीसीपी सिटी सोनम कुमार भी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने कारोबारी के कर्मचारी के साथ मौका मुआयना किया और आपसास के सीसीटीवी फुटेज की मदद से लुटेरों की खोजबीन शुरू कर। कैमरों की फुटेज में कहीं पर ऐसा कुछ नजर नहीं आया, जिससे लूट की घटना साबित होती हो। शक के आधार पर पुलिस ने कपड़ा कारोबारी के कर्मचारी को ही हिरासत में ले लिया और कोतवाली लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी।
कपड़ा मार्केट स्थित भागीरथ अग्रवाल फर्म का कर्मचारी विशाल दोपहर में हींग की मंडी स्थित एचडीएफसी बैंक में पंद्रह लाख रुपये की नकदी जमा कराने निकला था। वह पैदल ही मानपाड़ा होते हुए हींग की मंडी की ओर जा रहा था। कर्मचारी का कहना था कि रास्ते में कुछ बदमाशों ने उसे घेर लिया और मारपीट कर नकदी लूट कर भाग निकले।
पुलिस ने जब पूछताछ की तो वह पुलिस को ही गुमराह करने का प्रयास करने लगा। इस पर पुलिस ने जब सख्ती दिखाई तो वह टूट गया और सब कुछ उगल दिया। कर्मचारी ने बताया कि वह लूट दिखाकर 15 लाख रुपये खुद ही हड़पना चाहता था। सच्चाई सामने आने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
पुलिस ने कारोबारी के कर्मचारी विशाल को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में पुलिस को यह भी पता चला है कि विशाल के साथ अभिषेक नामक उसका एक साथी भी इस षडयंत्र में शामिल था। पुलिस अभिषेक की तलाश के साथ ही कारोबारी के कैश की बरामदगी के प्रयासों में लगी हुई है।