भीड़भाड़ वाले इलाकों से चुराते थे वाहन, गैंग के तीन सदस्य न्यू आगरा पुलिस ने दबोचे, छह वाहन बरामद

आगरा। कोचिंग सेंटर, मॉल, हॉस्पिटल और रेलवे स्टेशन जैसे व्यस्त इलाकों में सक्रिय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को न्यू आगरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनसे चोरी की पांच बाइक और एक स्कूटी बरामद की है।

Jul 27, 2025 - 18:39
 0
भीड़भाड़ वाले इलाकों से चुराते थे वाहन, गैंग के तीन सदस्य न्यू आगरा पुलिस ने दबोचे, छह वाहन बरामद
न्यू आगरा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गये वाहन चोर गैंग के तीन सदस्य और बरामद। इनके बारे में बताते डीसीपी सिटी सोनम कुमार।

मास्टर चाबी से मिनटों में कर लेते थे गाड़ियां गायब

डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि न्यू आगरा थाना क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तीन वाहन चोरों, अमन, आकाश और नरेंद्र को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे भीड़-भाड़ वाले इलाकों में खड़ी गाड़ियों को मास्टर चाबी से चुरा लेते थे।

पोइया घाट की झाड़ियों में छिपाते थे चोरी के वाहन

चोरी के बाद गाड़ियों को पोइया घाट के आसपास झाड़ियों में छिपा दिया जाता था। मौका मिलने पर इन वाहनों के नंबर प्लेट बदलकर उन्हें बेच दिया जाता था।

लंबा आपराधिक इतिहास, कई मुकदमे दर्ज

डीसीपी ने बताया कि आरोपी अमन के खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल 14 और आकाश के खिलाफ 16 मुकदमे दर्ज हैं। तीसरे आरोपी नरेंद्र की भी आपराधिक पृष्ठभूमि खंगाली जा रही है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor