आगरा में दिवाली की रात पुलिस को चुनौती देता रहा एक चोरः छह घरों से साठ लाख का माल किया पार
आगरा। दीपावली की रात जब पूरा शहर रोशनी में डूबा था, उस वक्त ट्रांस यमुना इलाके में अंधेरा फैलाने वाला एक चोर पुलिस को खुली चुनौती देता घूम रहा था। चौकन्नी रहने के तमाम दावों के बीच थाना पुलिस नाकाम साबित हुई। 24 घंटे के भीतर चोर ने छह घरों में सेंध लगाई और लाखों की नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गया। चोर की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं।

पहली वारदात: रिटायर्ड इंजीनियर के घर से 40 लाख की चोरी
विकास नगर निवासी उमेश वर्मा, जो जल निगम में इंजीनियर पद से सेवानिवृत्त हैं, ने बताया कि सुबह जब वे उठे तो देखा कि अलमारी का ताला टूटा हुआ था। उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और नगदी गायब थे। चोर लगभग 276 ग्राम सोना, 2 किलो चांदी और 60 हजार रुपये नगद ले गया। चोरी का कुल मूल्य करीब 40 लाख रुपये बताया गया है।
दूसरी वारदात: प्रकाशपुरम में अमित कुमार के घर हाथ साफ
चोर ने इसके बाद प्रकाश पुरम निवासी अमित कुमार के घर को निशाना बनाया। अमित ने बताया कि दिवाली की रात पूजा के बाद उन्होंने आभूषण अलमारी में रख दिए थे लेकिन मंदिर में रखी नगदी वहीं छोड़ दी थी। देर रात करीब तीन बजे चोर छत के रास्ते घर में घुसा और दो लाख रुपये नकद व जेवरात लेकर फरार हो गया। कुल मिलाकर करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ।
अन्य घरों में भी सेंध, रिटायर्ड दरोगा के घर से 12 हजार ले उड़ा
इसी क्षेत्र में एक रिटायर्ड दरोगा के घर में भी चोरी हुई, जहां से चोर ने 12 हजार रुपये नगद ले लिए। इसके अलावा तीन अन्य घरों में भी चोर ने घुसपैठ की। एक घर में परिवार ने सुबह देखा कि बक्सा खुला पड़ा है, हालांकि उसमें से कुछ नहीं गया।
सीसीटीवी में कैद हुआ चोर, फिर भी पुलिस खाली हाथ
त्योहार के मौके पर हुई लगातार चोरियों से मोहल्ले में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि पुलिस की गश्त कागज़ों में रही, वरना एक ही क्षेत्र में छह चोरियां नहीं हो सकती थीं। सीसीटीवी में कैद आरोपी की फुटेज पुलिस के पास है, मगर कार्रवाई का इंतजार अब भी जारी है।