खेरागढ़ में चोरों ने डॊक्टर दंपति का सूना घर किया साफ
आगरा। कस्बा खेरागढ़ के नगला उदया में डॊक्टर दंपति के बंद घर में चोरों ने हाथ साफ कर लिया। डॊक्टर दंपति मेडिकल कॊन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए मुंबई गए हुए हैं। अभी यह नहीं पता चला है कि चोर घर से क्या क्या सामान ले गए हैं। लाखों की चोरी का अनुमान लगाया जा रहा है।
-मुंबई में कॊन्फ्रेंस में गए हुए हैं चिकित्सक दंपति, बंद घर में घुसे चोर सीसीटीवी की डीवीआर भी ले गए
थाना खेरागढ़ के नगला उदया में डॉक्टर अनुज तेवतिया का आवास है। डॊ. तेवतिया इन दिनों हाथरस जिला अस्पताल में तैनात हैं जबकि उनकी चिकित्सक पत्नी खेरागढ़ में अपना नर्सिंग होम चलाती हैं। चिकित्सक दंपति इन दिनों मुंबई में हैं। उनका घर बंद था। बीती रात चोरों ने सूने घर में ताला तोड़कर प्रवेश किया और इत्मीनान से एक-एक अलमारी आदि खोलकर चोरी को अंजाम दिया।
यह तो डॊक्टर दंपति के लौटने पर ही पता चलेगा कि क्या चोरी हुआ है, पर घर में जिस तरह से सामान बिखरा पड़ा है, उससे लग रहा है कि चोर काफी देर घर में रहे और घर का एक-एक कोना छाना। डॊ. तेवतिया ने फोन पर घर में गहनों के अलावा कैश होने की भी जानकारी दी है।
डॊक्टर दंपति ने सुरक्षा के लिहाज से घर पर सीसीटीवी कैमरे भी लगवा रखे थे, लेकिन चोर सीसीटीवी की डीवीआर भी अपने साथ ले गए हैं। घर की दूसरी मंजिल पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। आज सुबह लोगों ने डॊक्टर का आवास खुला देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच की। पुलिस भी डॊक्टर दंपति के लौटने का इंतजार कर रही है।