श्री श्याम महोत्सव के तृतीय दिवस महिलाओं ने रचाई श्याम नाम की मेहंदी, गूंजा बाबा का जयघोष
आगरा। जहां श्याम नाम का स्मरण होता है, वहां भक्ति स्वयं श्रृंगार का रूप धारण कर लेती है। इसी भावपूर्ण वातावरण के बीच श्री श्याम मित्र मंडल एवं श्री श्याम महिला मित्र मंडल, लोहा मंडी द्वारा आयोजित चार दिवसीय श्री श्याम महोत्सव के तृतीय दिवस शनिवार को पुनिया पाड़ा, लोहा मंडी स्थित पथवारी मंदिर में श्याम नाम की मेहंदी समारोह श्रद्धा, सौंदर्य और भक्ति के संग अत्यंत भावविभोर माहौल में संपन्न हुआ।
शनिवार को आयोजित इस विशेष आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने अपने हाथों पर “श्याम” नाम की मेहंदी रचाकर बाबा श्याम के प्रति अपनी आस्था, प्रेम और समर्पण को अभिव्यक्त किया। मंदिर परिसर भक्ति गीतों, श्याम नाम के जयकारों और मंगल भाव से गुंजायमान रहा। मेहंदी रचाते हुए महिलाओं ने सुहाग, सौभाग्य, परिवार की सुख-समृद्धि और जीवन में शांति के लिए बाबा से कृपा याचना की। मेहंदी की सौंधी सुगंध के साथ गूंजते भजनों और बृज के रास ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक आनंद से भर दिया।
श्री श्याम महिला मित्र मंडल की अध्यक्ष पूजा राधे अग्रवाल ने कहा कि श्याम नाम की मेहंदी केवल बाहरी श्रृंगार नहीं, बल्कि नारी मन की गहन आस्था और भक्ति का प्रतीक है। यह आयोजन महिलाओं को आध्यात्मिक रूप से जोड़ने के साथ-साथ सामाजिक समरसता, सेवा और संस्कारों का संदेश भी देता है। उन्होंने बताया कि श्री श्याम महोत्सव की प्रत्येक कड़ी भक्ति के साथ समाजसेवा के संकल्प से जुड़ी हुई है।
इस अवसर पर पार्षद अर्चना लवानिया, पूर्व पार्षद प्रियंका प्रजापति, आरती प्रजापति, महिला मंडल उपाध्यक्ष अनीता जैन, रीता अग्रवाल, आशी, गुंजन, पूजा अग्रवाल, निशा जैन, कामिनी अग्रवाल, पूनम अग्रवाल, आंचल, प्रियंका, प्रीति, ज्योति अग्रवाल, लता गर्ग, सीमा अग्रवाल, कृतिका अग्रवाल, नीतू अग्रवाल, भारती गुप्ता, भारतीय अग्रवाल सहित अनेक महिलाओं ने श्याम नाम की मेहंदी लगवाई और भक्ति भाव में सहभागिता की।
आज होगा लाडली बेटी विवाह एवं भव्य संकीर्तन
श्री श्याम मित्र मंडल, लोहा मंडी के अध्यक्ष अभी जैन ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य केवल भक्ति तक सीमित न होकर करुणा, सेवा और सामाजिक दायित्व को सशक्त करना है। उन्होंने जानकारी दी कि महोत्सव के समापन अवसर पर 18 जनवरी को दोपहर 12 बजे जयपुर हाउस स्थित जैन स्मृति भवन में दो निर्धन कन्याओं का विवाह वैदिक रीति-रिवाजों से संपन्न कराया जाएगा। इसके उपरांत सायं 5 बजे से भव्य श्री श्याम भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें देशभर के सुप्रसिद्ध श्याम भजन गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
महामंत्री अमित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अतुल गुप्ता एवं मीडिया प्रभारी अखिल अग्रवाल ने सभी श्रद्धालुओं से आगामी कार्यक्रमों में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया।