‘गोपन सों यह कन्हाई...’ आगरा के श्री प्रेम निधि जी मंदिर में भव्य अन्नकूट महोत्सव

आगरा। दीपावली के उपरांत गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर श्री प्रेम निधि जी मंदिर, नाई की मंडी में पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुसार भव्य अन्नकूट महोत्सव संपन्न हुआ। मंदिर परिसर में सैकड़ों प्रकार के व्यंजन सजाए गए, जिनमें सखाड़ी, अनसखड़ी, दूधघर और नागरी जैसे पारंपरिक पकवान प्रमुख आकर्षण रहे।

Oct 21, 2025 - 20:23
 0
‘गोपन सों यह कन्हाई...’ आगरा के श्री प्रेम निधि जी मंदिर में भव्य अन्नकूट महोत्सव
श्री प्रेम निधि जी मंदिर, नई की मंडी में भव्य अन्नकूट दर्शन के अवसर पर गोवर्धन पूजा करतीं श्रद्धालु महिलाएं।

मुख्य सेवायक हरिमोहन गोस्वामी और सुनीत गोस्वामी ने बताया कि अन्नकूट सेवा प्रभु की रसोई का सर्वोत्तम स्वरूप है, जिसमें भक्त अन्न के माध्यम से भगवान के प्रति प्रेम और कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि पुष्टिमार्ग में सेवा ही सर्वोच्च मार्ग है, और अन्नकूट उसी भावना का जीवंत रूप है।

भक्तों ने सैकड़ों व्यंजन सजाकर विशाल अन्नकूट तैयार किया, जिसके शीर्ष पर तुलसीदल और घुघरे रखे गए, जो पुष्टिमार्गीय परंपरा का मुख्य प्रतीक हैं। मंदिर परिसर में अन्न, सुगंध और श्रद्धा का अद्भुत संगम दिखाई दिया। इसके साथ ही गोवर्धन पर्वत बनाकर पूजन किया गया।

पूरे मंदिर में जय जय श्री गोवर्धनधारी लाल की जयघोष गूंज उठी। भक्तजन भक्ति रस में सराबोर होकर पुष्टिमर्गीय पद “गोपन सों यह कन्हाई, जो हो कहत रह्यो भयो सोइ सपनांतर की प्रकट जनाई॥ कर जोरे व्रजपति जू ठाड़े, गोवर्धन की करत बडाई। ऐसो देव हम कबहु न देख्यो, सहस्त्र भुजा धर खात मिठाई॥” का गायन किया।

मंदिर में दीपों की ज्योति, भोग की सुगंध और भक्तिमय संगीत से वातावरण पूर्णत: अलौकिक बना रहा। श्रद्धालुओं ने ठाकुर श्याम बिहारी जी के दर्शन कर अन्नकूट प्रसाद का आनंद लिया। इस अवसर पर मंदिर प्रबंधक दिनेश पचौरी, विशाल पचौरी, मनीष अग्रवाल रावी, सरदार सिंह धाकड़, अमित शर्मा, आशीष पचौरी आदि उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor