कूड़ा जलाने वाले बाज आएं, पकड़े गए तो जुर्माना भरना पड़ेगा, नगर आयुक्त की खुली चेतावनी
आगरा। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने शहर में खुले स्थानों पर कूड़ा जलाए जाने की घटनाओं पर सख्त रुख अपनाया है। नगरायुक्त ने कहा है कि प्रतिंबध के बाद भी कुछ लोग सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा जलाने से बाज नहीं आ रहे हैं। औरगुरुडाटकाम ने 20 अक्टूबर को एक खबर प्रकाशित कर इस ओर नगर निगम का ध्यान दिलाया था।
नगर आयुक्त का कहना है कि कूड़ा जलाकर हवा को प्रदूषित करने वाले लोगों के खिलाफ नगर निगम सख्त कार्रवाई करेगा। मौके पर कूड़ा जलाते पकड़े जाने पर एनजीटी नियमों के तहत जुर्माना वसूल किया जाएगा।
मौसम में बदलाव और त्योहारी सीजन के चलते पिछले कुछ समय से वायु प्रदूषण में बढ़ोत्तरी हो गयी है। दीपावली को लेकर जहां एक ओर लोग घरों की साफ सफाई करा रहे हैं वहीं दूसरी ओर बरसात के जाने के बाद निर्माण कार्यों में तेजी आने से प्रदूषण की समस्या और भी गहरा गई है।
हालांकि नगर निगम हवा की क्वालिटी मेनेटेन रखने के लिए वाटर स्प्रिंकलिंग और मेकेनिकल स्वीपिंग करा रहा है इसके बावजूद हवा की सेहत खराब हो रही है। कई स्थानों पर लोग घरों का कूड़ा निकालकर उसमें आग लगा रहे हैं, जिससे हवा की क्वालिटी गिर रही है। कूड़ा जलाने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए नगर निगम अब सख्त कदम उठाने जा रहा है।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने सभी जेडएसओ, एसएफआई और इंस्पेक्टरों को आदेश दिये हैं कि वे अपने अपने क्षेत्रों में पैनी नजर रखें। खुले में कूड़ा जलाने वाले के खिलाफ कार्रवाई करें।
एनजीटी ने खुले में कूड़ा जलाने पर लगा रखा है प्रतिबंध
नेशनल ग्रीन ट्रिब्युनल एनजीटी ने देशभर में खुले में कचरा जलाये जाने पर प्रतिबंध लगा रखा है। आगरा ताज ट्रिपेजियम जोन में आता है। ताजमहल के पचास किलोमीटर की परिधि में कूड़ा नहीं जलाया जा सकता है। खुले में कचरा जलाये जाने पर पांच हजार से पच्चीस हजार रुपये का जुर्माना लगाये जाने का प्रावधान है।
नगर निगम शहर भर में करा रहा पानी का छिड़काव
एसएफआई संजीव यादव ने बताया कि हवा की सेहत में सुधार के लिए नगर निगम अपने स्तर से भरपूर प्रयास कर रहा है। पूरे शहर में आठ मेकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से लगातार सफाई कराई जा रही है जिससे सड़कों पर धूल के कण न उडें। इसके अलावा दस वाटर स्प्रिंकलिंग मशीनों और चार टेंपो से पानी का छिड़काव और डिवायडरों और उन पर लगी हरित पट्टिका की धुलाई कराई जा रही है। नगरायुक्त स्वयं सुबह शाम इसकी समीक्षा कर रहे हैं।
डस्टबिन उठाने वाले चार टेम्पो सैनिटाइजर में कन्वर्ट
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल 2016 के क्रम में शहर को डस्टबिन फ्री करने से जिन वाहनों द्वारा डस्टबिन उठाया जाता था, उनकी उपयोगिता बनाए रखने के लिए चार टेम्पो को भी दीपावली पर बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए सैनिटाइजर में कन्वर्ट किया गया है।
शहर के नागरिकों और दुकानदारों से अपील है कि वे घरों या दुकानों से निकलने वाले कचरे को जलाकर आवोहवा को खराब कर आम नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न करें। कचरे को डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन को आने वाले वाहनों को दें। सार्वजनिक स्थलों पर कचरा जलाते पकड़े जाने पर जुर्माना देना होगा।
- अंकित खंडेलवाल
नगर आयुक्त, नगर निगम