आगरा से हजारों श्रद्धालु गोवर्धन धाम पदयात्रा पर रवाना, चार दिवसीय महोत्सव में होंगे सप्तकोशीय परिक्रमा, गिर्राज अभिषेक और साधु सेवा के आयोजन

आगरा। श्रावण मास के पावन अवसर पर आगरा से श्री गोवर्धन धाम पदयात्रा परिक्रमा सेवा संस्था के तत्वावधान में निकली भव्य पदयात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तजन भजन-कीर्तन करते हुए श्री गोवर्धन धाम के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान पूरा वातावरण भगवान श्री राधे-कृष्ण और गिर्राज महाराज के जयकारों से भक्तिमय हो गया।

Jul 30, 2026 - 19:48
Jul 30, 2026 - 19:59
 0
आगरा से हजारों श्रद्धालु गोवर्धन धाम पदयात्रा पर रवाना, चार दिवसीय महोत्सव में होंगे सप्तकोशीय परिक्रमा, गिर्राज अभिषेक और साधु सेवा के आयोजन
आगरा से गुरुवार को प्रारंभ हुई गोवर्धन धाम पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल।

नेहरू नगर स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर से शुरू हुई पदयात्रा में श्रद्धालुओं का बड़ा समूह शामिल रहा। यात्रा के दौरान एमजी रोड सहित विभिन्न मार्गों पर श्री राधे-राधे.. और श्री गिर्राज धरण हम तेरी शरण...के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं पर जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। रथ पर विराजमान श्री गिर्राज महाराज यात्रा का नेतृत्व करते हुए भक्तों को आशीर्वाद प्रदान करते रहे।

दीप प्रज्ज्वलन और आरती के साथ हुआ शुभारंभ

पदयात्रा का शुभारंभ अग्रवाल महासभा के अध्य़क्ष नितेश अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलन और आरती कर किया। समाजसेवी भगवानदास बंसल ने संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रभु सेवा का कार्य है। उन्होंने मंडल के सभी चरण सेवकों से आगामी वर्षों में इस धार्मिक आयोजन को और अधिक भव्य स्वरूप देने के लिए प्रयासरत रहने का आशीर्वाद दिया।

चार दिवसीय महोत्सव में होंगे धार्मिक आयोजन

संस्था के संस्थापक अध्यक्ष रमन बाबू अग्रवाल ने बताया कि श्री हरिनाम संकीर्तन के साथ चल रही पदयात्रा का मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं और संस्थाओं द्वारा स्वागत किया गया। समाधिया फार्म हाउस पर जीएमबी परिवार की ओर से सभी पदयात्रियों के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई, जिसके बाद श्रद्धालु गोवर्धन धाम के लिए रवाना हुए।

नितेश अग्रवाल ने बताया कि पदयात्री 1 अगस्त की सुबह गोवर्धन धाम पहुंचेंगे। यहां रात्रि में सप्तकोशीय दुग्धधार परिक्रमा का आयोजन होगा। 2 अगस्त को सुबह 8 बजे गिर्राज महाराज का अभिषेक, सुबह 9 बजे भजन-कीर्तन, 11 बजे साधु-संत सेवा और दोपहर 12 बजे महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा।

ये सभी धार्मिक आयोजन गोवर्धन स्थित गुरु शरणानंद के काष्णेय गुरु आश्रम में संपन्न होंगे।

महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

पदयात्रा में पुरुषों के साथ महिलाओं की भागीदारी भी बड़ी संख्या में रही। श्रद्धालु पूरे मार्ग में भक्ति गीतों और संकीर्तन के साथ आगे बढ़ते रहे।

इस अवसर पर संस्था के सचिव मनोज गर्ग, उपाध्यक्ष नरेंद्र दत्त गोयल, राजेश अरोड़ा, कोषाध्यक्ष राकेश मंगल, संयोजक विजय वीर सिंह, पुष्पेंद्र सिंघल, संजय मित्तल, आशीष अग्रवाल, शांति स्वरूप गोयल, नीरज जैन, जगदीश बगला, संतोष शर्मा और रमेश चन्द सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor