मोहर्रम पर शहर में निकले हज़ारों ताज़िये, जुलूसों से दिनभर जाम, सुरक्षा रही सख्त

रविवार को मोहर्रम के अवसर पर आगरा शहर और जिले के कस्बों में ताजियों के शांतिपूर्ण जुलूसों शांतिपूर्वक निकाले गये। हालांकि इससे यातायात व्यवस्था पर दबाव भी साफ दिखाई दिया। पुलिस की सतर्कता से आयोजन शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।

Jul 6, 2025 - 17:15
 0
मोहर्रम पर शहर में निकले हज़ारों ताज़िये, जुलूसों से दिनभर जाम, सुरक्षा रही सख्त

आगरा। मोहर्रम के अवसर पर रविवार को आगरा शहर और जिले में परंपरागत ताजिये के जुलूसों का आयोजन शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से लेकर छोटे कस्बों तक, हजारों की संख्या में ताजिये निकालकर करबला में सुपुर्द-ए-ख़ाक किए गए।

दिन भर ताजिया जुलूस निकलते रहे, जिससे शहर के कई प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही। ट्रैफिक पुलिस द्वारा रूट डायवर्जन लागू किया गया, लेकिन भारी भीड़ और संकरे रास्तों के चलते लोगों को वैकल्पिक मार्गों से गुजरना पड़ा।

कटरा दवकैयान से फूलों वाले ताजिए का आकर्षक जुलूस

नगर निगम वार्ड-96 क्षेत्र के कटरा दवकैयान (पाय चौकी) से निकले शहर के सबसे भव्य फूलों वाले ताजिये की तीन दिनों तक जियारत की गई। मोहर्रम की दस तारीख को निकाले गये इस ताजिये को देखने और मन्नतें मांगने हज़ारों की संख्या में लोग पहुंचे। जुलूस अबू उल्लाह दरगाह स्थित करबला कब्रिस्तान तक पारंपरिक अंदाज़ में पहुंचा। यहां कोतवाली प्रभारी और चौकी प्रभारी के साथ ही सिविल डिफेंस कोतवाली डिवीजन की टीम भी ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने में जुटी रही।

शहरभर में निकले छोटे-बड़े 5000 से अधिक ताजिए

वजीरपुरा, मंटोला, ढोलीखार, शाहगंज, लोहामंडी, न्यू आगरा, कमलानगर, शहीद नगर सहित शहर के विभिन्न इलाकों से भी छोटे-बड़े ताजिया जुलूस निकले। अनुमानतः पूरे शहर में 5000 से अधिक ताजिए निकाले गए, जिनमें से अधिकांश को करबला कब्रिस्तान में सुपुर्द किया गया।

शाम को इमामबाड़ा से आखिरी जुलूस निकला, जो शहर का सबसे बड़ा जुलूस माना जाता है। कर्बला परिसर में शरबत और सेवा स्टॉल भी लगे रहे, जिनका लोगों ने लाभ उठाया।

सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम, ड्रोन से निगरानी

मोहर्रम को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में अतिरिक्त फोर्स तैनात रही।

पुलिस की सख्ती के कारण जुलूसों में तलवारबाजी नहीं हुई और सभी जुलूस निर्धारित रूट पर ही चले। देर शाम तक अफसर लगातार गश्त करते रहे।

जाम बना रहा चिंता का कारण

भीड़ के कारण ताजगंज, लोहामंडी, वजीरपुरा, शाहगंज जैसे इलाकों में जाम की स्थिति बनी रही। वाहन चालकों को कई स्थानों पर लंबा इंतज़ार करना पड़ा। इस दौरान उन सभी स्थानों पर सफाई, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था पर खासा ध्यान दिया गया, जहां से ताजिये उठने थे। ताजियों के जुलूसों के दौरान पुलिस और अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाएं भी चाक चौबंद रहीं।

ट्रैफिक पुलिस की तैनाती और मार्ग डायवर्जन के बावजूद स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को दिनभर परेशानियों का सामना करना पड़ा।

SP_Singh AURGURU Editor