आनंद मंगल हॉस्पिटल में आरंभ हुआ तीन दिवसीय महिला स्वास्थ्य शिविर, डॉ. अजय बंसल का स्मरण

आगरा। कमला नगर स्थित आनंद मंगल हॉस्पिटल ने अपनी 30 वर्षों की सेवा यात्रा पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एवं वरिष्ठ लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. अजय बंसल की पुण्य स्मृति में शुक्रवार से तीन दिवसीय निःशुल्क महिला स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन आरंभ किया।

Aug 1, 2025 - 12:54
 0
आनंद मंगल हॉस्पिटल में आरंभ हुआ तीन दिवसीय महिला स्वास्थ्य शिविर, डॉ. अजय बंसल का स्मरण
कमला नगर स्थित आनंद मंगल हॉस्पिटल में लगे तीन दिवसीय महिला स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का फीता काट कर शुभारंभ करते विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल। साथ हैं नेशनल चैंबर के अध्यक्ष संजय गोयल, डॉ. हेमंत बंसल, आशीष बंसल और डॉ. स्मिता राघव।

शिविर का उद्घाटन विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल एवं नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्री एंड कॉमर्स के अध्यक्ष संजय गोयल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं देवरहा बाबा के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।

विधायक खंडेलवाल ने कहा कि यह शिविर डॉ. अजय बंसल की सेवा भावना को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने निस्वार्थ भाव से चिकित्सा सेवा द्वारा समाज की अनवरत सेवा की। संजय गोयल ने कहा कि आनंद मंगल हॉस्पिटल ने चिकित्सा और समाजसेवा को एक सूत्र में पिरोया है। भाजपा नेता आरके सिंह राघव एवं रोमसंस ग्रुप के निदेशक विकास खन्ना ने भी आयोजन की सराहना की।

आयोजन की जानकारी देते हुए हॉस्पिटल प्रबंधक आशीष बंसल ने बताया कि तीन दिवसीय शिविर में प्रतिदिन सुबह 10:30 से शाम 4:00 बजे तक 150 से 200 महिलाओं की निःशुल्क जांच की जाएगी।
स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. स्मिता राघव महिलाओं को स्वास्थ्य परामर्श देंगी और अल्ट्रासाउंड, हिमोग्लोबिन, थायरॉइड, बीपी व शुगर की जांच की जाएगी।

डॉ. स्मिता राघव ने बताया कि महिलाएं अपने स्वास्थ्य को अक्सर नज़रअंदाज़ कर देती हैं। यह शिविर उन्हें समय रहते जाँच व उपचार की सुविधा प्रदान करेगा। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. हेमंत बंसल ने कहा कि महिला स्वास्थ्य समाज की रीढ़ है। यह शिविर एक सामाजिक जागरूकता अभियान भी है।

कार्यक्रम का संचालन रागिनी मिश्रा ने किया। इस अवसर पर देवेश गोयल, दीपेश गोयल, शैलेश गोयल, डॉ. दिनेश गोयल, विनेश जैन, बृजेश तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor