भूख हड़ताल पर तीन कर्मचारी, बहाली आदेश के बावजूद कर्मी बहाल नहीं

आगरा। नगर पंचायत किरावली से निकाले गए 11 संविदा कर्मचारियों की बहाली की मांग को लेकर सदर तहसील परिसर में लगातार 46वें दिन धरना जारी रहा। हटाए गए कर्मचारियों में से 3 लोग पिछले 9 दिनों से भूख हड़ताल पर डटे हुए हैं।

Sep 28, 2025 - 14:47
 0
भूख हड़ताल पर तीन कर्मचारी, बहाली आदेश के बावजूद कर्मी बहाल नहीं
तहसील परिसर में 46 दिन से धरना देते किसान मजदूर यूनियन के सदस्य।

आगरा। नगर पंचायत किरावली से निकाले गए 11 संविदा कर्मचारियों की बहाली की मांग को लेकर सदर तहसील परिसर में लगातार 46वें दिन धरना जारी रहा। हटाए गए कर्मचारियों में से 3 लोग पिछले 9 दिनों से भूख हड़ताल पर डटे हुए हैं।

19 मार्च को की गई थी बर्खास्तगी

जानकारी के अनुसार, 19 मार्च को नगर पंचायत किरावली के अधिशासी अधिकारी द्वारा एक कंप्यूटर ऑपरेटर, एक ड्राइवर और 9 सफाई कर्मचारियों को अचानक सेवा से हटा दिया गया। इसके विरोध में किसान-मजदूर यूनियन के बैनर तले चौधरी दिलीप सिंह के नेतृत्व में आंदोलन शुरू किया गया।

बहाली आदेश के बावजूद कार्रवाई नहीं

जिला प्रशासन ने मामले की जांच एडीएम वित्त एवं राजस्व शुभांगी शुक्ला से कराई थी। जांच रिपोर्ट में संविदा कर्मचारियों को पुनः बहाल करने की संस्तुति की गई। बावजूद इसके अधिशासी अधिकारी द्वारा आदेश का पालन नहीं किया गया, जिसके विरोध में धरना और भूख हड़ताल जारी है।

आंदोलन का स्वरूप तेज

धरना स्थल पर मौजूद प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि सुनवाई नहीं हुई तो वे कलेक्ट्रेट में दंडवत परिक्रमा करते हुए अधिशासी अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी करेंगे। आंदोलन में सोनू चौधरी, राजीव ठाकुर, रंजीत चौधरी, रवि कुमार, ओमवीर, विक्रम वाल्मीकि, संजू देवी और राजेश देवी सहित कई कार्यकर्ता सक्रिय रहे।