सिकंदरा क्षेत्र में घर में चोरी करने वाले तीन शातिर गिरफ्तार, 75 हजार नकद और ऑटो बरामद

आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से ₹75,000 नगद, एक ऑटो और चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर की।

Nov 5, 2025 - 12:26
 0
सिकंदरा क्षेत्र में घर में चोरी करने वाले तीन शातिर गिरफ्तार, 75 हजार नकद और ऑटो बरामद
थाना सिकंदरा पुलिस की गिरफ्त में शातिर चोर ।

आगरा । सिकंदरा थाना क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से ₹75,000 नगद, एक ऑटो और चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर की।

थाना सिकंदरा पुलिस के अनुसार आरोपियों ने महर्षिपुरम ककरैठा स्थित एक बंद मकान का ताला तोड़कर ₹1.60 लाख की नकदी चोरी की थी। घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाई और आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण वर्मा, गिरधारी वर्मा और सूरज के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद उन्होंने रुपये आपस में बांट लिए थे और कुछ रकम खर्च भी कर दी थी। चोरी के दौरान उन्होंने आने-जाने के लिए ऑटो रिक्शा का इस्तेमाल किया था।

पुलिस ने बताया कि यह गिरोह चार लोगों का समूह है और चौथा आरोपी रोहित अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। उसके खिलाफ टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से प्लास, पेचकस, रिंच और अन्य औज़ार भी बरामद किए हैं, जिनका प्रयोग घर का ताला तोड़ने में किया गया था।

थाना प्रभारी ने बताया कि तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।