आगरा धर्मांतरण रैकेट में मास्टरमाइंड के दो बेटों समेत तीन और गिरफ्तार, संख्या बढ़कर 14
आगरा। धर्मांतरण रैकेट की जांच में मंगलवार को एक बड़ा मोड़ आया जब मास्टरमाइंड अब्दुल रहमान से हुई पूछताछ के बाद तीन और आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में जुनैद कुरैशी (30 वर्ष), अब्दुल्ला (20 वर्ष) और अब्दुल रहीम (27 वर्ष) शामिल हैं। तीनों उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर-मुस्तफाबाद क्षेत्र के निवासी हैं। इनमें दो गैंग सरगना अब्दुल रहमान के बेटे हैं।
-हरियाणा की युवती को फंसाकर धर्मांतरण कराने वाला जुनैद कुरैशी भी पकड़ा गया
-दिल्ली से तीनों की गिरफ्तारी, संदिग्ध किताबें भी बरामद, रहमान की पूछताछ से मिला सुराग
मास्टरमाइंड के बेटे भी निकले रैकेट के सक्रिय सदस्य
गिरफ्तार अब्दुल रहमान के दोनों बेटे अब्दुल्ला और अब्दुल रहीम रैकेट का सक्रिय हिस्सा थे। पुलिस के अनुसार यह दोनों युवक लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाकर पिता अब्दुल रहमान के पास लाते थे, जहां उनका धर्मांतरण कर निकाह कराया जाता था। इस पूरे ऑपरेशन में वे कलीम सिद्दीक़ी गैंग से भी जुड़े थे, जो 2021 में यूपी एटीएस द्वारा गिरफ्तार किया गया था।
राजस्थान से बुलाए गए काज़ी से कराया जबरन निकाह
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि हरियाणा के रोहतक से लापता एक लड़की को अब्दुल रहमान ने बंधक बनाकर राजस्थान से एक काज़ी बुलवाकर जबरन निकाह कराया था। इस मामले में जुनैद की मुख्य भूमिका सामने आई है, जिसने प्रेमजाल रचकर लड़की को अगवा किया था।
ज्ञातव्य है कि रोहतक की इस युवती को आगरा पुलिस ने अब्दुल रहमान के ठिकाने से मुक्त कराया था। आगरा के कोर्ट में इस युवती के बयान भी कराए गए थे। अब यह युवती माता-पिता को सौंपी जा चुकी है। इस युवती को फंसाने वाले जिस जुनैद कुरैशी की पुलिस को तलाश थी, वह अब गिरफ्तार कर लिया गया है।
बरामद हुईं संदिग्ध किताबें, डाटा की जांच जारी
गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के पास से दो कार्टून धार्मिक किताबें भी बरामद हुई हैं, जिनमें संदिग्ध डाटा होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस की फॉरेंसिक टीम उन दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि यह सामग्री कहां-कहां भेजी जा रही थी और इसके पीछे की फंडिंग और नेटवर्क क्या है।
कुल गिरफ्तारियों की संख्या 14 पहुंची
इस ताज़ा कार्रवाई के साथ आगरा धर्मांतरण रैकेट में गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या अब 14 हो गई है। पुलिस का कहना है कि इस रैकेट का नेटवर्क दिल्ली, यूपी, हरियाणा, राजस्थान तक फैला हुआ है, और आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।