आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में 24 घंटे में दो भीषण सड़क हादसों में तीन मौतें, तेज रफ्तार कार ने बाइक रौंदी, दंपति की मौत, बस की टक्कर से बाइक सवार युवक का करुणांत
आगरा जनपद के फतेहाबाद और बमरौली कटारा थाना क्षेत्रों में बीते 24 घंटे के भीतर हुए दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों ने क्षेत्र को दहला दिया। इन दर्दनाक घटनाओं में एक युवक और एक दंपति सहित कुल तीन लोगों की मौत हो गई।
दर्दनाक दुर्घघना
शुक्रवार दोपहर थाना फतेहाबाद क्षेत्र के फतेहाबाद–बाह मार्ग पर सनराइज अस्पताल के पास हुई। यहां तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दंपति सड़क पर दूर जा गिरे और दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से जा टकराई, जिससे पोल टूट गया और कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

मृतक बलराम सिंह तोमर

मृतका रेखा देवी
इस दुर्घटना में बाइक सवार दंपति बलराम सिंह तोमर (48 वर्ष), पुत्र जानवेद सिंह तोमर, और उनकी पत्नी रेखा देवी (45 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के थाना पोरसा क्षेत्र अंतर्गत मैदौरा गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को आगरा के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पहले रेखा देवी और कुछ समय बाद बलराम सिंह तोमर की भी मौत हो गई।
इससे पहले एक और दुर्घटना गुरुवार देर शाम थाना बमरौली कटारा क्षेत्र के अंतर्गत आगरा–फतेहाबाद मार्ग पर गायत्री फार्म हाउस के सामने हुई। यहां अनुबंधित रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई।

मृतक मुकेश
थानाध्यक्ष बमरौली कटारा हरीश शर्मा ने बताया कि मृतक की पहचान दीपेश (उम्र लगभग 19 वर्ष), पुत्र मुकेश, निवासी थोक करन सिंह, थाना बमरौली कटारा के रूप में हुई है। दीपेश आगरा की ओर से अपने घर लौट रहा था, तभी सामने से आ रही रोडवेज बस से उसकी बाइक टकरा गई। गंभीर हालत में उसे राधा माधव हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की।
पुलिस ने बताया कि दोनों दुर्घटनाओं में शामिल वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
लगातार हो रहे सड़क हादसों से क्षेत्रवासियों में दहशत और चिंता बढ़ती जा रही है।