आगरा में एक ही दिन तीन सड़क हादसेः पिता-दो बेटियों समेत कई लोग घायल, तेज रफ्तार बनी वजह
आगरा। जनपद में शनिवार का दिन सड़क हादसों के नाम रहा। जिले के बाह और खेड़ा राठौर थाना क्षेत्रों में अलग-अलग जगह तीन सड़क दुर्घटनाओं में कई लोग घायल हो गए। कहीं दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हुई, तो कहीं ऑटो ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसों में घायल हुए लोगों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सभी घटनाओं में जांच शुरू कर दी है।
ऑटो ने बाइक को मारी टक्कर, पिता और दो मासूम बेटियां घायल
थाना बाह क्षेत्र के अंतर्गत बड़ा गांव के पास एक ऑटो ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर सवार अशोक (40 वर्ष), निवासी गहेली अमाय, भिंड (मध्य प्रदेश) अपनी दो बेटियों- संजना (7 वर्ष) और राशि (10 वर्ष) के साथ बाह कस्बे लौट रहे थे। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों की मदद से पिता और दोनों बेटियों को सीएचसी बाह में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। बताया गया कि अशोक बाह कस्बे में गोलगप्पे की दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ऑटो चालक की तलाश शुरू कर दी है।
दो बाइकों की भिड़ंत में तीन लोग घायल
थाना बाह क्षेत्र के फरेरा नहर पुलिया के पास शनिवार की शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। बताया गया कि दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे और अचानक सामने आने से टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
अज्ञात बाइक सवार की टक्कर से युवक घायल
थाना खेड़ा राठौर क्षेत्र में एक अज्ञात बाइक सवार ने सामने से जा रही दूसरी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश कर रही है।
तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के कारण लगातार हो रहे ऐसे हादसे एक बार फिर प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन गए हैं।