आगरा में कुंडौल के पास तीन किशोर यमुना में डूबे, एक की जिंदगी थम गई, दो का उपचार जारी
आगरा। यमुना का रौद्र रूप अब जीवन के लिए खतरा बनता जा रहा है। थाना डौकी क्षेत्र में सोमवार दोपहर नहाने गए तीन किशोर यमुना के तेज बहाव में बह गए। ग्रामीणों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाल तो लिया, लेकिन इलाज के दौरान एक किशोर की मौत हो गई।
घटना गढ़ी रामफल और कुंडौल गांव के पास हुई। 16 वर्षीय दीपक पुत्र विजेंद्र निवासी गढ़ी रामफल, 17 वर्षीय भोपा पुत्र चरण सिंह निवासी कुंडौल और 17 वर्षीय रविंद्र पुत्र डम्बर सिंह निवासी गढ़ी रामफल नदी में नहा रहे थे। अचानक तेज बहाव में फंसकर तीनों डूबने लगे। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पाकर कबीस चौकी इंचार्ज नीरज बाबू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से तीनों किशोरों को नदी से बाहर निकाला गया। खेतों में पानी भरने के कारण एंबुलेंस घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी। ऐसे में पुलिसकर्मी और ग्रामीण किशोरों को गोद में उठाकर पानी पार करते हुए एंबुलेंस तक लाए।
तीनों किशोरों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रविंद्र की मौत हो गई। दीपक और भोपा का उपचार जारी है। इस घटना के बाद गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। यमुना के बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव से तटवर्ती गांवों के लोगों में दहशत का माहौल है।