कैंची धाम जाते समय खाई में गिरी स्कॉर्पियो, बरेली की तीन महिलाओं की मौत, पांच गंभीर घायल
-रमेश कुमार सिंह- बरेली। आस्था और उम्मीदों से भरी यात्रा गुरुवार को भयावह त्रासदी में बदल गई। बरेली से कैंची धाम दर्शन को जा रही श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो भवाली–अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर निगलाट के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। भीषण हादसे में बरेली के थाना इज्जतनगर क्षेत्र की तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। खाई में गिरी स्कॉर्पियो से घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सभी को एंबुलेंस से भवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां हालात की गंभीरता देखते हुए आगे रेफर किया गया।
कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा के अनुसार हादसे में ऋषि पटेल (7), स्वाति (20), अक्षय (20), ज्योति (25), करन (25), राहुल पटेल (35), गंगा देवी (56), बृजेश कुमारी (26) और नैंसी गंगवार (24) घायल हुए।
सीएचसी के चिकित्सक डॉ. रमेश कुमार ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही गंगा देवी (56), नैंसी गंगवार (24) और बृजेश कुमारी (26) की मृत्यु हो चुकी थी। शेष पांच घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी के उच्च चिकित्सालय रेफर किया गया है।
इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। श्रद्धालुओं की खुशियों भरी यात्रा पलभर में मातम में बदल गई।
Top of Form