प्रताड़ना से तंग युवक ने लगाई फांसी, मरने से पहले वीडियो में पत्नी और ससुराल वालों को ठहराया जिम्मेदार

आगरा। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने पत्नी और ससुरालियों की प्रताड़ना से तंग आकर शुक्रवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने स्पष्ट रूप से पत्नी के अवैध संबंध, ससुराल पक्ष की प्रताड़ना और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकियों का ज़िक्र किया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Jul 4, 2025 - 18:31
 0
प्रताड़ना से तंग युवक ने लगाई फांसी, मरने से पहले वीडियो में पत्नी और ससुराल वालों को ठहराया जिम्मेदार
मृतक गौरव।

मृतक की पहचान गौरव, निवासी पवन विहार, ट्रांस यमुना कॉलोनी के रूप में हुई है, जो शादी समारोहों में हलवाई का काम करता था। गौरव के माता-पिता का देहांत पहले ही हो चुका था और तीन बहनों की शादी की जिम्मेदारी भी उसी ने निभाई थी।

गौरव की शादी सात महीने पूर्व सादाबाद निवासी निशा से हुई थी। जीजा दिनेश के अनुसार, गौरव लगातार मानसिक तनाव में था। निशा उसे आत्महत्या कर जेल भिजवाने की धमकी देती थी। गौरव ने मार्च में पुलिस को प्रार्थनापत्र भी दिया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

गृह क्लेश के चलते मंगलवार को गौरव ने निशा को मायके छोड़ दिया था और दिल्ली निकल गया। लेकिन शुक्रवार को सादाबाद थाने से पुलिस का फोन आने पर वह डर गया और रात 1 बजे वापस घर आया। वहां अकेले कमरे में उसने पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया और फिर फांसी लगा ली। दो दिन पहले ससुराल वालो ने उसके खिलाफ सादाबाद थाने में शिकायत दी थी। सादाबाद थाने के विवेचना अधिकारी द्वारा उसे बार-बार फोन कर थाने बुलाया जा रहा था, लेकिन वह डर के मारे नहीं गया था। दिल्ली जाते समय भी सादाबाद थाने से फोन आने पर वह डर गया और घर लौटकर फांसी लगा ली।  

वीडियो में गौरव कह रहा है कि वह अपनी संपत्ति पत्नी को नहीं देगा। अपने ससुराल पक्ष की हर प्रताड़ना का जिक्र करते हुए अपनी मौत का जिम्मेदार पत्नी, सास-ससुर और अन्य परिजन को ठहरा रहा है।

सुबह जीजा दिनेश के फोन करने पर जवाब नहीं मिला, तो वे घर पहुंचे, जहां गौरव को फांसी पर लटका देखकर सन्न रह गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर जांच कराई गई। एसीपी छत्ता पीयूष कांत राय ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने पर ससुराल पक्ष के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor