डीवीवीएनएल के बकाए के लिए टोरंट विद्युत कनेक्शन नहीं काटे, डिप्टी सीएम केशव मौर्य का सख्त निर्देश
आगरा। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आगरा में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि डीवीवीएनएल के बकाए बिल के लिए टोरेंट कंपनी के पास कनेक्शन काटने का कोई अधिकार नहीं है और इसे तत्काल प्रभाव से रोकना होगा। बैठक में उपमुख्यमंत्री ने सभी विद्युत संविदा कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराने, अपराधी किस्म के कर्मचारियों की संविदा समाप्त करने और ग्रामीण क्षेत्रों में संविदा कर्मियों का क्षेत्रीय परिवर्तन करने के निर्देश दिए।
- विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को सड़कों की मरम्मत, पर्याप्त आलू बीज और खाद उपलब्धता के निर्देश
-उप मुख्यमंत्री ने कहा कि दो अक्तूबर के बाद फिर से आगरा में आकर करूंगा सभी विभागों की वृहद समीक्षा
उपमुख्यमंत्री मौर्य ने बैठक में बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों को एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए और कहा कि अधिकारी जनकल्याण के लिए कार्य करें; अच्छे काम के लिए सम्मान मिलेगा, गलत कार्यों के लिए कोई रियायत नहीं होगी। डिप्टी सीएम ने यह भी कहा कि दो अक्तूबर के बाद वे फिर से आगरा के दौरे पर आएंगे और सभी विभागों की विस्तार से समीक्षा करेंगे।
बैठक में आगरा में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा करने पर उपमुख्यमंत्री को बताया गया कि तहसील सदर में यमुना नदी से हुए नुकसान का सर्वे अंतिम चरण में है। चम्बल नदी से प्रभावित किसानों को 94 लाख रूपये की क्षतिपूर्ति डीबीटी के माध्यम से की जा चुकी है। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शीघ्र सर्वे पूरी कर क्षतिपूर्ति का वितरण सुनिश्चित करने, नदियों के कटान से भूमि क्षरण को रोकने हेतु स्थाई प्रस्ताव भेजने और मौके पर अस्थाई प्रबंध लागू करने के निर्देश दिए।
राजस्व न्यायालयों के अंतर्गत लंबित और निर्णीत मुकदमों की समीक्षा में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सिर्फ निर्णय होना पर्याप्त नहीं है, 45 दिन के भीतर आदेश का पालन भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चकमार्ग मुक्ति अभियान चलाने और दबंगों से सरकारी भूमि मुक्त कराने के निर्देश दिए।
बैठक में कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए उपमुख्यमंत्री ने खाद (डीएपी व यूरिया) वितरण में हुई शिकायतों पर नाराजगी जताई और कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। विधायक डॊ. धर्मपाल सिंह ने मांग के अनुरूप किसानों को आलू का बीज उपलब्ध न होने का मुद्दा उठाया। इस पर डिप्टी सीएम ने आलू की बुआई के लिए किसानों की मांग के अनुरूप बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने और मांग से संबंधित प्रस्ताव शासन को भेजने का निर्देश भी दिया।
विद्युत विभाग और टोरेंट कंपनी की समीक्षा में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि टोरेंट कंपनी को डीवीवीएनएल के बकाए बिल के कारण आम जनता के कनेक्शन काटने का कोई अधिकार नहीं है। सभी संविदा कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराया जाए और अपराधी किस्म के कर्मचारियों की संविदा समाप्त की जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत संविदा कर्मचारियों के क्षेत्र परिवर्तन का कार्य तत्काल लागू किया जाए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा में उन्होंने कार्य में धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पाइपलाइन डालने के बाद गलियों को ठीक री-स्टोर न करने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
निराश्रित गौवंश की समीक्षा में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों पर पाए जाने वाले गौवंश के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करने, गोचर भूमि कब्जा मुक्त कराने, हरा चारा बोने और सभी गौशालाओं में सीसीटीवी लगाकर विकास भवन में कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए।
डिप्टी सीएम ने लोनिवि के कार्यों की समीक्षा की और निर्देश दिए कि बरसात थम चुकी है, इसलिए बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर कराया जाए। सर्वे का काम तत्काल शुरू कराएं।
उपमुख्यमंत्री ने वरासत और किसान सम्मान निधि की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि समय पर दर्ज कराए गए वरासत के नामों को लाभान्वित किया जाए। बेसिक शिक्षा, पुलिस प्रशासन समेत अन्य विभागों की समीक्षा में उन्होंने सभी अधिकारियों को उचित दिशा निर्देश दिए और 2 अक्टूबर के बाद विस्तार से समीक्षा के लिए पुनः आगरा आने का ऐलान किया।
बैठक में सभी जनप्रतिनिधि, मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह, पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार, अपर पुलिस आयुक्त रामबदन सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह, सीएमओ डॊ. अरुण कुमार श्रीवास्तव, एडीएम वित्त व राजस्व श्रीमती शुभांगी शुक्ला, एडीएम नमामि गंगे जुबेर बेग, उप कृषि निदेशक मुकेश कुमार सहित सभी जनपद के अधिकारी उपस्थित रहे।
इससे पूर्व आगरा पहुंचने पर खेरिया एयरपोर्ट पर मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॊ. बबिता सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॊ. मंजू भदौरिया, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॊ. जीएस धर्मेश, भगवान सिहं कुशवाह, छोटे लाल वर्मा, डॊ. धर्मपाल सिंह, एमएलसी विजय शिवहरे, महानगर भाजपा अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता, जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया और जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष प्रदीप भाटी ने उप मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।