यूनिटी मॊल के लिए शेष छह एकड़ भूमि जल्द हस्तांतरित करे पर्यटन विभाग, निरीक्षण में धीमी गति मिलने पर नाराज मंडलायुक्त बोले- समय से पूरा करो या जवाब दो

आगरा। शिल्पग्राम परिसर में निर्माणाधीन यूनिटी मॉल परियोजना को लेकर मण्डलायुक्त नगेन्द्र प्रताप ने आज स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों की कार्यशैली पर सख्त रुख अपनाया। निरीक्षण के दौरान सबसे बड़ा मुद्दा शेष छह एकड़ भूमि के हस्तांतरण का सामने आया, जिस पर आयुक्त ने मौके पर ही तत्काल कार्रवाई के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि परियोजना में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Mar 24, 2026 - 13:12
 0
यूनिटी मॊल के लिए शेष छह एकड़ भूमि जल्द हस्तांतरित करे पर्यटन विभाग, निरीक्षण में धीमी गति मिलने पर नाराज मंडलायुक्त बोले- समय से पूरा करो या जवाब दो
शिल्पग्राम की जमीन पर बन रहे यूनिटी मॊल का निरीक्षण कर बाहर आते मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप।

मण्डलायुक्त ने सबसे पहले साइट प्लान का अवलोकन किया, जहां अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का निर्माण 15 मई 2025 से शुरू हुआ है। कुल 11.53 एकड़ क्षेत्रफल में बनने वाले इस यूनिटी मॉल में वर्तमान में 5.50 एकड़ भूमि पर कार्य जारी है, जबकि शेष 6 एकड़ भूमि अभी पर्यटन विभाग के अधीन है। इसी भूमि पर वर्तमान में पार्किंग संचालित हो रही है, जो निर्माण कार्य में बाधा बन रही है।

छह एकड़ भूमि तत्काल हस्तांतरित करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग द्वारा शेष 6 एकड़ भूमि हैंडओवर किए जाने की मांग उठाई गई। इस पर मण्डलायुक्त ने पर्यटन विभाग के अधिकारी को मौके पर ही निर्देश दिए कि तत्काल भूमि उपलब्ध कराई जाए और पार्किंग की वैकल्पिक व्यवस्था अन्यत्र सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना को गति देने के लिए भूमि से जुड़ी अड़चनें तुरंत खत्म की जाएं।

धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

साइट पर बेसमेंट निर्माण कार्य की धीमी गति को देखकर मण्डलायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित समयसीमा नवम्बर 2026 में परियोजना हर हाल में पूरी होनी चाहिए। इसके लिए कार्य में तेजी लाते हुए गुणवत्ता के साथ समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

128 करोड़ की परियोजना, चार मंजिला मॉल

अधिकारियों ने जानकारी दी कि लगभग 128 करोड़ रुपये लागत वाली इस परियोजना में यूनिटी मॉल बिल्डिंग के साथ पार्किंग, लैंडस्केप, एसटीपी, ई-चार्जिंग स्टेशन, चिल्ड्रन प्ले एरिया और पाथवे जैसे आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। मॉल की इमारत बेसमेंट सहित चार मंजिला होगी।

11.53 एकड़ में होगा यूनिटी मॉल का विस्तार

मण्डलायुक्त ने स्पष्ट किया कि शेष भूमि के हस्तांतरण के बाद पूरा यूनिटी मॉल 11.53 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होगा, जिससे परियोजना का स्वरूप और सुविधाएं और व्यापक होंगी।

निरीक्षण के दौरान संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार, पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता मनीष कुमार, सहायक अभियंता किशोर कुमार, पर्यटन विभाग के मैनेजर रविकांत कुप्ता, परियोजना प्रबंधक कान्ता प्रसाद शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor