पर्यटन मंत्री ने किया 9.81 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण, चार ज़िलों का बनेगा पर्यटन सर्किल
आगरा। प्रदेश की योगी सरकार आगरा के साथ ही मथुरा, मैनपुरी और फिरोजाबाद को मिलाकर पर्यटन सर्किल विकसित करेगी।
प्रदेश के पर्यटन मंत्री एवं आगरा के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने आज पर्यटन क्षेत्र से जुड़ी 9.81 करोड़ रुपयों की योजनाओं का लोकार्पण करते हुए यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि आगरा पर्यटन सर्किल बनने से चारों जिलों का विकास होगा। बेहतर कनेक्टविटी की वजह से यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं।
फतेहाबाद रोड स्थित नियो क्लब में एडीए द्वारा आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान पर्यटन मंत्री सिंह ने कहा कि चारों जिलों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार काफी कार्य करा रही है। चारों जिलों को जुड़ने से यहां पर्यटक काफी देर तक ठहर सकेंगे। उन्हें घूमने के लिए यहां काफी दर्शनीय स्थल मिलेंगे। उन्होंने कहा कि मथुरा और वृंदावन में अकल्पनीय विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
पर्यटन मंत्री सिंह आज फ़िरोज़ाबाद से चलकर सुबह क़रीब 10 बजे आगरा सर्किट हाउस पहुंचे। जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। यहां से वह नियो क्लब पहुंचे। जहां उन्होंने एडीए द्वारा पर्यटन के बढ़ावे के लिए कराए गए कार्यों का लोकार्पण किया।
एडीए ने इनर रिंग रोड पर 3.25 करोड़ से एंट्री गेट, 3.50 करोड़ से डबल ट्री हिल्टन होटल से चौपटी तक मॉडल रोड, 2.50 करोड़ से रमाडा फ्लाईओवर पर सुंदरीकरण और लाइटिंग कार्य कराए हैं। इसके अलावा 30 लाख रुपये से बागवानी, पौधारोपण व अन्य कार्य भी कराए हैं।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, भाजपा महानगर अध्यक्ष भानु महाजन, ज़िला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी, डीएम अरविंद मलप्पा बांगरी, एडीए वीसी एम अरुन्मौली सहित कई भाजपा नेता व अधिकारी मौजूद थे।