ताज के हाई-सिक्योरिटी यलो जोन में पर्यटक से चेन स्नैचिंग, बाइक सवार बदमाशों ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती

ताजमहल के हाई-सिक्योरिटी यलो जोन में आंध्र प्रदेश की महिला पर्यटक से चेन स्नैचिंग हुई। शिल्पग्राम के पास बाइक सवार दो बदमाश महिला के गले से चेन झपटकर फरार हो गए। घटना में महिला के गले पर चोट आई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया और एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। वारदात ने ताजमहल क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

May 31, 2026 - 21:31
 0
ताज के हाई-सिक्योरिटी यलो जोन में पर्यटक से चेन स्नैचिंग, बाइक सवार बदमाशों ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती
चेन स्नैचिंग की शिकार महिला पर्यटक।

आंध्र प्रदेश की महिला पर्यटक के गले से झपटी सोने की चेन, गले पर आई चोट, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, एक संदिग्ध हिरासत में

आगरा। दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल के आसपास का क्षेत्र सुरक्षा की दृष्टि से सबसे संवेदनशील और सुरक्षित माना जाता है, लेकिन रविवार दोपहर इसी हाई-सिक्योरिटी यलो जोन में हुई चेन स्नैचिंग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बाइक सवार दो बदमाशों ने आंध्र प्रदेश से आई एक महिला पर्यटक के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार आंध्र प्रदेश निवासी महिला पर्यटक एम. माधवी अपनी साथी महिलाओं के साथ ताजमहल का दीदार करने के बाद आगरा कैंट रेलवे स्टेशन जाने के लिए टैक्सी से रवाना हुई थीं। रास्ते में शिल्पग्राम के पास कुछ सामान खरीदने और अपने साथियों का इंतजार करने के लिए उन्होंने वाहन रुकवाया। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और मौका पाते ही महिला के गले पर झपट्टा मारकर चेन तोड़ ली।

अचानक हुई इस वारदात से महिला घबरा गई और जोर-जोर से शोर मचाने लगी, लेकिन तब तक बदमाश बसई पुलिस चौकी की ओर जाने वाले मार्ग से तेज रफ्तार में फरार हो चुके थे। घटना के दौरान झपट्टे की वजह से महिला के गले पर चोट भी आई।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्धों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज की मदद ली जा रही है। मामले में एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।

ताजमहल के आसपास का इलाका पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए विशेष निगरानी क्षेत्र माना जाता है। यहां पर्यटन पुलिस, स्थानीय पुलिस, पीएसी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की नियमित तैनाती रहती है। इसके बावजूद दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है।

पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। वहीं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों का कहना है कि ताजमहल और उसके आसपास पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है ताकि आगरा की वैश्विक छवि प्रभावित न हो।