आगरा में टूरिस्ट ठगी गैंग का पर्दाफाश, ताजमहल की छांव में विदेशी मेहमानों को बना रहे थे निशाना

आगरा। आगरा पुलिस ने पर्यटन स्थलों पर सक्रिय टूरिस्ट ठगी गैंग का भंडाफोड़ किया है। पर्यटन थाना प्रभारी रूबी सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में गैंग के सात सदस्य गिरफ्तार किए गए हैं।

Nov 12, 2025 - 22:09
 0
आगरा में टूरिस्ट ठगी गैंग का पर्दाफाश, ताजमहल की छांव में विदेशी मेहमानों को बना रहे थे निशाना
पुलिस की गिरफ्त में पर्यटकों से ठगी करने वाले गैंग के सदस्य ।

आगरा। आगरा पुलिस ने पर्यटन स्थलों पर सक्रिय टूरिस्ट ठगी गैंग का भंडाफोड़ किया है। पर्यटन थाना प्रभारी रूबी सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में गैंग के सात सदस्य गिरफ्तार किए गए हैं।

यह गिरोह ताजमहल और आगरा किला के आसपास विदेशी और देशी पर्यटकों को निशाना बनाता था। गैंग के सदस्य खुद को गाइड, तांगेवाले या मददगार बताकर पर्यटकों के पास पहुंचते और उन्हें शहर घुमाने का लालच देते थे।

ऐतिहासिक इमारतें दिखाने की जगह ये लोग उन्हें महंगे एंपोरियम और दुकानों पर ले जाकर खरीदारी का दबाव बनाते थे। सस्ती चीजें कई गुना कीमत पर बेचवाई जाती थीं और कमीशन गैंग के पास जाता था। कई मामलों में खरीदारी से इनकार करने पर पर्यटकों के साथ अभद्रता और धमकियां तक दी जाती थीं। हाल ही में एक तांगे वाले ने एक विदेशी पर्यटक के साथ ऐसी हरकत की, जिसकी शिकायत के बाद पुलिस ने रेकी कर पूरी गैंग को धर दबोचा।

पुलिस का कहना है कि गिरोह के सभी सदस्यों का किसी न किसी दुकानदार या एंपोरियम संचालक से कमीशन सेट होता था। ये लोग पार्किंग, ताजमहल गेट और रेलवे स्टेशन के आसपास सक्रिय रहते थे। वहीं से ठगी का खेल शुरू हो जाता था। पर्यटन थाना अब इस नेटवर्क से जुड़े दुकानदारों और एंपोरियम संचालकों की भी जांच कर रहा है।