व्यापारियों को मिला नया शक्ति केंद्र: आगरा व्यापार मंडल कार्यालय का शुभारंभ, अब यहीं से उठेगी कारोबारियों की आवाज, प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने किया उद्घाटन
हींग की मंडी स्थित माधव भवन में आगरा व्यापार मंडल के नवनिर्मित कार्यालय का फीता काटकर शुभारंभ करते उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा। साथ में टीएन अग्रवाल, अशोक मंगवानी, राकेश बंसल, राजेश अग्रवाल, विष्णु दयाल बंसल, संदीप गुप्ता, राजीव गुप्ता, देवेंद्र अग्रवाल, अंशुल अग्रवाल, कन्हैयालाल राठौर, बृजमोहन रेपुरिया एवं अन्य पदाधिकारी।
आगरा। व्यापारिक हितों की रक्षा और कारोबारियों की समस्याओं के प्रभावी समाधान के उद्देश्य से आगरा व्यापार मंडल को नया संगठनात्मक केंद्र मिल गया है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने रविवार को हींग की मंडी स्थित माधव भवन में आगरा व्यापार मंडल के नवनिर्मित कार्यालय का फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में व्यापारियों और पदाधिकारियों की मौजूदगी ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया।
प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा के आगरा आगमन पर आगरा व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संदीप गुप्ता के नेतृत्व में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने वाटर वर्क्स पर जोरदार स्वागत किया। इसके बाद सभी पदाधिकारी उद्घाटन समारोह में शामिल हुए।
कार्यालय उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने बताया कि माधव भवन स्थित कार्यालय का व्यापक जीर्णोद्धार कराया गया है। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय केवल संगठन का कार्यालय नहीं बल्कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान, बैठकों, विचार-विमर्श और संगठनात्मक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। यहां व्यापारिक हितों से जुड़े मुद्दों पर नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी और व्यापारियों की आवाज को शासन एवं प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बदलते व्यावसायिक परिवेश में व्यापारियों के समक्ष अनेक चुनौतियां हैं, जिनके समाधान के लिए एक सशक्त मंच की आवश्यकता थी। नया कार्यालय इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और व्यापारिक एकजुटता को और मजबूत करेगा।
उद्घाटन समारोह में महामंत्री अशोक मंगवानी, संगठन महामंत्री राकेश बंसल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, जय पुरस्नानी, कन्हैयालाल राठौर, कार्यालय प्रभारी देवेंद्र अग्रवाल, सह प्रभारी अनूप बंसल, विष्णु दयाल बंसल, दिलीप खूबचंदानी, बृजमोहन रेपुरिया, राजेश सिंघल, अंशुल अग्रवाल, दुष्यंत गर्ग, विमल गर्ग, योगेश रखवानी, साहूकार सिंह चाहर, राजेंद्र गुप्ता, महावीर प्रसाद मंगल, राजीव गुप्ता, अनुराग अरोड़ा, रितेश राठौर सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान व्यापारिक एकता, संगठन की मजबूती और व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प भी लिया गया। उपस्थित व्यापारियों ने नए कार्यालय के शुभारंभ को संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।