पिनाहट में चंबल पर पौंटून पुल को लेकर व्यापारियों का गुस्सा फूटा, नारेबाजी कर सड़क पर दिया धरना; बोले- पुल नहीं तो वोट नहीं

आगरा। पिनाहट में चंबल नदी पर पौंटून पुल का निर्माण शुरू नहीं होने से व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। शनिवार को व्यापारियों ने सरकार विरोधी नारेबाजी कर सड़क पर धरना दिया और 15 अक्टूबर तक पुल चालू कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि शीघ्र निर्माण शुरू नहीं हुआ तो बाजार बंद कर आंदोलन किया जाएगा।

Oct 10, 2026 - 22:33
 0
पिनाहट में चंबल पर पौंटून पुल को लेकर व्यापारियों का गुस्सा फूटा, नारेबाजी कर सड़क पर दिया धरना; बोले- पुल नहीं तो वोट नहीं
चंबल नदी पर पौंटून पुल की मांग को लेकर पिनाहट कस्बे के बाजार में सड़क पर धरना देते स्थानीय व्यापारी।

व्यापारियों का कहना है कि बारिश का मौसम खत्म होने के बाद हर साल चंबल घाट पर पौंटून पुल बनाया जाता है। दीपावली से पहले पुल चालू होने पर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के लोगों को आवागमन की सुविधा मिलती है। मध्य प्रदेश के सीमावर्ती गांवों के लोग दीपावली पर खरीदारी के लिए पिनाहट के बाजारों में आते हैं। पुल नहीं बनने से उनका आना बंद है और व्यापारियों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। भाई दूज पर भी दोनों राज्यों में रहने वाले लोग अपनी रिश्तेदारियों में नहीं जा पा रहे हैं।

15 अक्टूबर तक पुल चालू कराने का मिला था आश्वासन

व्यापारी मोनू वर्मा ने बताया कि व्यापारी जिलाधिकारी से मिलने गए थे। जिलाधिकारी ने 15 अक्टूबर तक हर हाल में पौंटून पुल चालू कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन 10 अक्टूबर तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। इससे व्यापारियों को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। दीपावली नजदीक है, लेकिन मध्य प्रदेश के ग्राहकों के पिनाहट नहीं पहुंच पाने से कारोबार प्रभावित हो रहा है।

तीन महीने से कारोबार प्रभावित, स्टीमर भी बंद

व्यापारी विजय कौठारी ने बताया कि तीन महीने से व्यापार ठप पड़ा है। स्टीमर का संचालन भी बंद है और पौंटून पुल का निर्माण शुरू नहीं हुआ है। इससे कारोबार चौपट हो गया है। उन्होंने इसके लिए उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश, दोनों सरकारों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि पिनाहट के व्यापारी साल भर त्योहारों के सीजन का इंतजार करते हैं। पुल नहीं होने से मध्य प्रदेश के लोग खरीदारी के लिए यहां नहीं पहुंच पा रहे हैं। यदि शीघ्र निर्माण शुरू नहीं हुआ तो बाजार बंद कर आंदोलन किया जाएगा।

सरकार के खिलाफ नारेबाजी, आंदोलन की चेतावनी

प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने ‘यह सरकार निकम्मी है, यह सरकार बदलनी है’ और ‘पुल नहीं तो वोट नहीं’ जैसे नारे लगाए। व्यापारियों ने सड़क पर धरना देकर पौंटून पुल का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की।

व्यापारियों के मुताबिक, पिछले दो महीने से स्टीमर का संचालन भी बंद है। मध्य प्रदेश प्रशासन ने स्टीमर का संचालन नहीं होने दिया था। पुल और स्टीमर दोनों की सुविधा बंद होने से चंबल के दोनों ओर रहने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। व्यापारियों ने मांग की कि 15 अक्टूबर तक पुल चालू कराया जाए, ताकि दीपावली से पहले बाजार में ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो सके।

SP_Singh AURGURU Editor