व्यापारियों की एकजुटता का शक्ति प्रदर्शन: आगरा व्यापार मंडल के शपथ ग्रहण समारोह में संगठन को मिली नई ऊर्जा
आगरा। व्यापारिक एकता, संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक दायित्वों के संकल्प के साथ आगरा व्यापार मंडल का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को कमला नगर स्थित टेम्पटेशन रेस्टोरेंट में आयोजित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में व्यापारियों, उद्यमियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। नवगठित कार्यकारिणी ने व्यापारी हितों की रक्षा, संगठन को सशक्त बनाने तथा सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा रहे। विशिष्ट अतिथियों में राज्यसभा सांसद नवीन जैन, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, चमड़ा एवं फुटवियर उद्योग परिषद के अध्यक्ष पूरन डावर, व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य सुनील पांडे तथा वरिष्ठ व्यापारी नेता बसंत गुप्ता उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। स्वागत उद्बोधन देते हुए आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने कहा कि संगठन लगातार व्यापारियों की समस्याओं को शासन और प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आगरा व्यापार मंडल केवल व्यापारी हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक दायित्वों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन कर रहा है।
उन्होंने बताया कि विगत वर्ष संगठन द्वारा आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में एक हजार यूनिट से अधिक रक्त एकत्रित किया गया था। इस वर्ष भी संगठन ने नया कीर्तिमान स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी 16 अगस्त को रामस्वरूप इंटर कॉलेज में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य अतिथि मुकुंद मिश्रा ने व्यापारियों से संगठित रहने का आह्वान करते हुए कहा कि मजबूत और एकजुट व्यापारिक समाज ही अपनी समस्याओं का प्रभावी समाधान प्राप्त कर सकता है। उन्होंने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
समारोह में सर्वप्रथम उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के युवा उपाध्यक्ष योगेश रखवानी एवं मंत्री राजीव गुप्ता को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इसके बाद आगरा व्यापार मंडल की नवीन कार्यकारिणी का विधिवत शपथ ग्रहण कराया गया।
नवीन कार्यकारिणी में टीएन अग्रवाल ने अध्यक्ष, अशोक मंगवानी ने महामंत्री, राकेश कुमार बंसल ने संगठन महामंत्री, नितेश कुमार अग्रवाल ने कोषाध्यक्ष तथा श्रीभगवान दास बंसल, कन्हैयालाल राठौर, नरेंद्र कुमार बंसल, जयकिशन पुरुसनानी, जयप्रकाश अग्रवाल, संदीप गुप्ता एवं राजेश अग्रवाल ने वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की।
उपाध्यक्ष पद पर विष्णु दयाल बंसल, ताराचंद गोयल, राजेश सिंघल, सुरेश बरेजा, राजेंद्र सचदेवा, महेश ग्वाला, मनीष बंसल, मुकेश कुमार अग्रवाल, विष्णु कुमार अग्रवाल, बृजमोहन रेपुरिया, राजेंद्र गुप्ता, राजीव गुप्ता, संजीव अग्रवाल, विजय बंसल एवं दिलीप खूबचंदानी ने शपथ ली। दुष्यंत गर्ग ने सूचना मंत्री तथा देवेंद्र अग्रवाल ने कोषाध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की।
मंत्री पद के लिए तरुण सिंह, अतुल बंसल, अखिल मोहन मित्तल, गोविंद राम, अशोक लालवानी, योगेश रखवानी, अंशुल अग्रवाल, देवेंद्र गोयल, विमल गर्ग, अशोक जैसवानी, अनुराग अरोड़ा, अमित अग्रवाल पारुल, राजेश राठौर, कल्याण मंगल, सुनील गर्ग, महावीर प्रसाद मंगल, साहूकार सिंह चाहर, राकेश गुप्ता, शैलेंद्र गुप्ता, अमित गुप्ता, राजीव अग्रवाल, धीरज वर्मा, सुनील अग्रवाल, आयुष गुप्ता, अमित मोरयानी, मनोज भाटिया, मनीष अग्रवाल एवं सुमित सतीजा ने शपथ ग्रहण कर संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर लोकहितम ब्लड बैंक के अनिल अग्रवाल एवं रोहित अग्रवाल तथा हेल्प आगरा के सुरेंद्र जैन, गौतम सेठ और नंदकिशोर गोयल का समाजसेवा एवं सहयोगात्मक कार्यों के लिए विशेष अभिनंदन किया गया।