आगरा हाइवे पर दर्दनाक हादसा, भारत घूमने आए इजरायली पर्यटक की सड़क दुर्घटना में मौत, दोस्त बाल-बाल बचा

आगरा। आगरा-दिल्ली नेशनल हाईवे पर आज एक दर्दनाक हादसे में इजराइल से भारत घूमने आए एक युवक की मौत हो गई। युवक अपने दोस्त के साथ बाइक से दिल्ली से आगरा की ओर आ रहा था। कीठम के पास बाइक अचानक बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।

Nov 7, 2025 - 18:08
 0
आगरा हाइवे पर दर्दनाक हादसा, भारत घूमने आए इजरायली पर्यटक की सड़क दुर्घटना में मौत, दोस्त बाल-बाल बचा
फरह स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर मृत इजराइल युवक ।

आगरा। आगरा-दिल्ली नेशनल हाईवे पर आज एक दर्दनाक हादसे में इजराइल से भारत घूमने आए एक युवक की मौत हो गई। युवक अपने दोस्त के साथ बाइक से दिल्ली से आगरा की ओर आ  रहा था। कीठम के पास बाइक अचानक बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। 

मौके पर मौजूद उसके दोस्त ने स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और घायल को एम्बुलेंस से फरह स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृत युवक की पहचान 22 वर्षीय चेन बेन एरे के रूप में हुई है, जो टूरिस्ट वीजा पर भारत घूमने आए थे। वीजा 23 अक्टूबर 2025 से 22 अक्टूबर 2026 तक वैध था। वह उत्तराखंड नंबर की रॉयल एनफील्ड बाइक (UK 04 R 9334) से भारत भ्रमण पर निकले थे। घटना के दौरान उनके साथ चल रहे दूसरे इजरायली नागरिक को हल्की चोटें आईं, वह फिलहाल सुरक्षित है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

स्थानीय खुफिया इकाई ने भी मामले में जांच शुरू कर दी है और इजरायली दूतावास से संपर्क स्थापित किया गया है। पुलिस मृतक के यात्रा दस्तावेजों और वीजा संबंधी कागजातों की जांच कर रही है। हादसे की खबर से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक भी प्रभावित रहा।