बरेली में दर्दनाक हादसा: चलती ट्रेन पकड़ने की कोशिश में पति की मौत, पत्नी की आंखों के सामने बिखर गया संसार

-आरके सिंह- बरेली। बरेली जंक्शन पर सोमवार को एक हृदय विदारक हादसे ने यात्रियों को झकझोर कर रख दिया। प्रयागराज निवासी 52 वर्षीय वैटरिनरी फार्मासिस्ट विजय कुमार की चलती त्रिवेणी एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान पैर फिसल जाने से ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। हादसा उनकी पत्नी अंजना सहाय की आंखों के सामने हुआ, जिसके बाद प्लेटफॉर्म नंबर एक पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। इसी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर चार पर एक अज्ञात महिला का शव मिलने से भी रेलवे परिसर में सनसनी फैल गई।

Jun 1, 2026 - 18:08
 0
बरेली में दर्दनाक हादसा: चलती ट्रेन पकड़ने की कोशिश में पति की मौत, पत्नी की आंखों के सामने बिखर गया संसार
मृतक विजय कुमार की फाइल फोटो।  

फिजियोथेरेपी कराने आए थे बरेली

जानकारी के अनुसार प्रयागराज निवासी विजय कुमार अपनी पत्नी अंजना सहाय के साथ रविवार को इज्जतनगर स्थित एक केंद्र पर पैर की फिजियोथेरेपी कराने बरेली आए थे। उपचार के बाद सोमवार को दोनों पति-पत्नी त्रिवेणी एक्सप्रेस से प्रयागराज लौटने के लिए बरेली जंक्शन पहुंचे थे।

चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश बनी जानलेवा

स्टेशन मैनेजर भानु प्रताप सिंह के अनुसार सोमवार सुबह करीब 11 बजे दंपति प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंचे। इसी दौरान त्रिवेणी एक्सप्रेस प्रयागराज के लिए रवाना हो चुकी थी। ट्रेन को छूटता देख विजय कुमार ने जल्दबाजी में चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेन की गति बढ़ चुकी थी। पत्नी अंजना सहाय प्लेटफॉर्म पर ही रह गईं, जबकि विजय कुमार ट्रेन के दरवाजे पर लटक गए। कुछ ही क्षण बाद उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वे सीधे पटरियों के बीच जा गिरे। देखते ही देखते वे ट्रेन की चपेट में आ गए।

मौके पर मची चीख-पुकार, अस्पताल में मृत घोषित

हादसे के बाद प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। पत्नी अंजना सहाय की चीखों से पूरा स्टेशन गूंज उठा। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल विजय कुमार को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

'आंखों के सामने सब खत्म हो गया'

पति की मौत के बाद अंजना सहाय का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बिलखते हुए उन्होंने कहा, आंखों के सामने पति को खो दिया, अब उनके बिना जिंदगी कैसे कटेगी। उनकी पार्थिव देह लेकर घर कैसे जाऊंगी।

उन्होंने भावुक होकर कहा, अभी तक बच्चों को यह दुखद समाचार नहीं दिया है। जब वे अपने पापा के बारे में पूछेंगे तो क्या जवाब दूंगी। उन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ेगा। अंजना की दर्दभरी बातें सुनकर स्टेशन पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

प्लेटफॉर्म नंबर चार पर मिला अज्ञात महिला का शव

इसी बीच बरेली जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर चार पर एक अज्ञात महिला का शव मिलने से भी रेलवे प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में महिला की मौत बीमारी के कारण होने की आशंका जताई जा रही है।

मृतका की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

रेलवे की अपील: चलती ट्रेन में चढ़ने की न करें कोशिश

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर चलती ट्रेन में चढ़ने और उतरने के खतरों को उजागर कर दिया है। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी स्थिति में चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही जिंदगीभर का दर्द बन सकती है।

SP_Singh AURGURU Editor