दर्दनाक हादसा: बरेली में पेठा फैक्ट्री में छापे के दौरान कारीगर खौलती चाशनी में गिरा, इलाज के दौरान मौत

-आरके सिंह- बरेली। जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय कारीगर की जान चली गई। किला थाना क्षेत्र के गढ़ी इलाके में स्थित पेठा फैक्ट्री में खाद्य सुरक्षा विभाग (एफएसडी) की टीम के छापे के दौरान फैली भगदड़ में मजदूर खौलती चाशनी की कढ़ाई में जा गिरा। बुरी तरह झुलसे कारीगर की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई।

Jul 13, 2025 - 12:47
 0
दर्दनाक हादसा: बरेली में पेठा फैक्ट्री में छापे के दौरान कारीगर खौलती चाशनी में गिरा, इलाज के दौरान मौत
Image Source: iStock

मृतक की पहचान मुरावपुरा निवासी सुनील (28) के रूप में हुई है, जिसने दो दिन पहले ही इस फैक्ट्री में काम शुरू किया था। यह फैक्ट्री भाजपा पार्षद चंद्रप्रकाश गुप्ता के भाई राम प्रकाश गुप्ता की बताई जा रही है।

छापे के दौरान मची अफरा-तफरी बनी जानलेवा
घटना शनिवार दोपहर करीब चार बजे की है। फैक्ट्री में जब खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम पहुंची तो वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। परिजनों के अनुसार भगदड़ में भागते हुए सुनील खौलती हुई चाशनी की कढ़ाई में गिर गया। गंभीर रूप से झुलसे सुनील को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसने रात में दम तोड़ दिया।

मां का आरोप: फैक्ट्री की लापरवाही से गई बेटे की जान
सुनील की मां हेमवती और अन्य परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो उन्होंने जमकर हंगामा किया। उनका कहना था कि फैक्ट्री की लापरवाही और अचानक हुए छापे में मची अफरा-तफरी के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की।

पुलिस का बयान: प्राथमिक जांच में कारीगर की लापरवाही
प्रभारी थाना किला इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम ने देर रात बताया कि प्राथमिक जांच में यह मामला कारीगर की लापरवाही से हुआ हादसा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, परिजनों की तहरीर मिलने पर आवश्यक जांच और कार्रवाई की जाएगी। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है। भाजपा पार्षद चंद्रप्रकाश गुप्ता, जिनके भाई की फैक्ट्री में यह हादसा हुआ, ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह एक इत्तफाकी घटना है, जिसमें कारीगर संभवतः नशे की हालत में था। हालांकि, मृतक के परिजन इस दावे को खारिज कर रहे हैं।

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor