शमशाबाद रोड पर दर्दनाक हादसा, ट्रोले ने बाइक सवार को रौंदा, एक की मौत, चालक गिरफ्तार

आगरा के थाना एकता क्षेत्र में शमशाबाद रोड स्थित बरौली अहीर ब्लॉक के पास ट्रोले की टक्कर से बाइक सवार फतेहाबाद निवासी छविराम सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। वह अपने रिश्तेदार वीरेंद्र के साथ शमशाबाद जा रहे थे। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रोला चालक को गिरफ्तार कर वाहन कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Jul 30, 2026 - 18:58
 0
शमशाबाद रोड पर दर्दनाक हादसा, ट्रोले ने बाइक सवार को रौंदा, एक की मौत, चालक गिरफ्तार
घटनास्थल पर पुलिस पूछताछ करती हुई।

आगरा। थाना एकता क्षेत्र में शमशाबाद रोड स्थित बरौली अहीर ब्लॉक के पास गुरुवार  को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रोले ने बाइक को टक्कर मारते हुए सवार को रौंद दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।

मृतक की पहचान फतेहाबाद निवासी छविराम सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार छविराम सिंह अपने रिश्तेदार वीरेंद्र, निवासी आगरा के साथ बाइक से शमशाबाद स्थित डॉ. राजेंद्र सिंह के पास जा रहे थे। इसी दौरान बरौली अहीर ब्लॉक के निकट पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रोले ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि छविराम सिंह ट्रोले के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे वीरेंद्र को भी चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही थाना एकता पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रोला चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया और वाहन को भी कब्जे में ले लिया। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।

इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने भी शमशाबाद रोड पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।