गाय को बचाने के प्रयास में दर्दनाक हादसा, तालाब में पलटे ट्रैक्टर के नीचे दबकर चालक की मौत
आगरा। शमसाबाद थाना क्षेत्र के नगला जमुनीभान धिमिश्री गांव में शनिवार देर रात एक हृदयविदारक हादसा हो गया। गांव के तालाब में गिरी गाय को बचाने की कोशिश में ट्रैक्टर पलट गया, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 10 बजे ग्रामीणों ने तालाब में एक गाय को गिरा हुआ देखा। उसे बाहर निकालने के लिए ट्रैक्टर की मदद ली गई। इस दौरान ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर गहरे तालाब में पलट गया। ट्रैक्टर चालक रामू उर्फ रविकांत (38 वर्ष), पुत्र गोपाल सिंह, निवासी नगला जमुनीभान, ट्रैक्टर के नीचे दब गया। ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और रामू को बाहर निकालकर जीआर हॉस्पिटल आगरा भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी धिमिश्री रविंद्र सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और प्रभारी निरीक्षक पवन सैनी ने पुलिस बल के साथ राहत कार्य कराया। पुलिस ने ट्रैक्टर और गाय दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। गांव में हादसे के बाद शोक की लहर है। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।