आगरा–इटावा स्टेट हाईवे के दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को हमेशा के लिए छीन लिया, मृत जितेंद्र की कल लग्न थी, दूसरे मृतक के घर में भी कोहराम

आगरा। रविवार शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए दो बाइक सवारों की देर रात मौत हो गई। मृतकों में एक युवक तथा दूसरा किशोर था। युवक की अगले कुछ दिनों बाद शादी होने जा रही थी। शादी के कार्ड बांटने के लिए युवक और किशोर बाइक से कहीं जा रहे थे कि यमराज बनकर आई कार ने दोनों की जीवनलीला समाप्त कर दी। इस हादसे में दोनों की मौत के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। घरों में जहां शहनाइयों की तैयारी थी, वहां अब चीत्कारें सुनाई पड़ रही हैं।

Feb 16, 2026 - 12:10
 0
आगरा–इटावा स्टेट हाईवे के दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को हमेशा के लिए छीन लिया, मृत जितेंद्र की कल लग्न थी, दूसरे मृतक के घर में भी कोहराम
आगरा-इटावा स्टेट हाईवे पर कार द्वारा बाइक को टक्कर मारने के हादसे में मृत जितेंद्र (जिसकी शादी होने जा रही थी) और सचिन के फाइल फोटो।

ज्ञातव्य है कि आगरा–इटावा स्टेट हाईवे पर बाह थाना क्षेत्र में नरहौली और जरार के बीच स्थित एक ढाबे के पास रविवार शाम करीब 6 बजे तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े और काफी दूर तक घिसटते चले गए। हादसे में आम का पुरा गांव निवासी जितेन्द्र (21) और भाऊपुरा गांव निवासी सचिन (16) गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

सूचना पर पहुंची बाह पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों को बाह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें एंबुलेंस से आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां रात में दोनों ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत फरार हो गया था। पुलिस वाहन की पहचान और तलाश में जुटी है।

दूल्हे की मौत ने छीन ली शादी की खुशियां

आम का पुरा गांव निवासी शेर सिंह राजमिस्त्री का काम करते हैं। उनके बड़े बेटे जितेन्द्र की शादी धौलपुर के महाजपुर गांव में तय हुई थी। 17 फरवरी को लग्नोत्सव था। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, निमंत्रण पत्र लगभग बांटे जा चुके थे और रिश्तेदारों का आना शुरू हो गया था। लेकिन हादसे ने सारी खुशियों पर ग्रहण लगा दिया। दूल्हे की मौत से पूरा परिवार सदमे में है, मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है।

शादी कार्ड के साथ खींच ले गई मौत

भाऊपुरा गांव का सचिन, पिता हरगोविंद, पांच भाइयों में सबसे छोटा था। वह जामनगर में हलवाई की दुकान पर काम करता था। उसके पिता भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। सचिन के तीसरे नंबर के भाई सनी ने ही जितेन्द्र का रिश्ता तय कराया था। रविवार को जितेन्द्र शादी का कार्ड देने के लिए सचिन के साथ भाऊपुरा आया था। दोनों वहीं से जरार के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में मौत ने उन्हें घेर लिया। सचिन की असमय मौत से परिवार मातम में डूबा हुआ है।

बाह के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि हादसे में घायल युवकों को उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया था, जहां दोनों की मृत्यु हो गई। दुर्घटना करने वाले वाहन और चालक की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor