बरेली में दर्दनाक सड़क हादसा: पेड़ से टकराई बाइक, दो युवकों की मौत से गांव में मातम
-आरके सिंह- उत्तर प्रदेश के बरेली ज़िले के बहेड़ी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। हादसे की खबर से गांव में मातम छा गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
बरेली। बहेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम जिया नगला के समीप शनिवार रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, एक मोटरसाइकिल (हीरो डीलक्स, यूपी 25 सीई 8982) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े शीशम के पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
रविवार सुबह ग्राम प्रधान कुतुबपुर नरेश गंगवार जब अपने खेत की ओर जा रहे थे, तो उन्होंने सड़क किनारे खाई में दो शव पड़े देखे और पास में टूटी हुई मोटरसाइकिल देखी। उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पाकर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह तोमर मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
जांच के दौरान मोटरसाइकिल के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मृतकों की पहचान मोहन स्वरूप (35 वर्ष) पुत्र मोतीराम मौर्य और छोटे पुत्र, दोनों निवासी शाहगढ़ थाना बहेड़ी, जनपद बरेली के रूप में हुई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि रात के समय बाइक की रफ्तार तेज़ होने और सड़क पर दृश्यता कम होने से यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।