आगरा में ट्रांस यमुना के डॉक्टरों का न्यू ईयर धमाल, ग्रीन हेल्थ का दिया सशक्त संदेश
आगरा। ट्रांस यमुना क्षेत्र के चिकित्सकों ने नववर्ष का स्वागत उत्साह, उमंग और सौहार्द से भरपूर भव्य समारोह के साथ किया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संगीत और आपसी मेलजोल के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रीन हेल्थ और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता का स्पष्ट संदेश दिया गया, जिसने आयोजन को सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व आईएमए अध्यक्ष डॉ. शरद गुप्ता रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वस्थ समाज के लिए पर्यावरण संरक्षण अनिवार्य है और हरित जीवनशैली अपनाकर ही दीर्घकालिक स्वास्थ्य सुनिश्चित किया जा सकता है।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वाई. बी. अग्रवाल ने सभी उपस्थित चिकित्सकों का स्वागत करते हुए नववर्ष के लिए शुभकामनाएं और आशीर्वचन प्रदान किए।
संस्था के अध्यक्ष डॉ. पीयूष गुप्ता ने सदस्यों का अभिनंदन करते हुए कहा कि नया वर्ष नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और सेवा भाव के साथ आगे बढ़ने का अवसर है। उन्होंने सभी चिकित्सकों से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक प्रभावी ढंग से निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्थाओं को डॉ. नीलम कुशवाह एवं डॉ. अनिता गुप्ता ने कुशलता और समर्पण के साथ संभाला, जिसके चलते आयोजन अत्यंत सफल, अनुशासित और यादगार रहा। मस्ती, संगीत और आपसी सौहार्द के वातावरण में चिकित्सकों ने नए साल का स्वागत पूरे जोश और उल्लास के साथ किया।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष डॉ. रवि पचौरी, डॉ. मुकेश गोयल, डॉ. आलोक मित्तल, डॉ. अभिषेक गुप्ता, डॉ. अश्वनी यादव, डॉ. उमाकांत गुप्ता, डॉ. दिनेश गुप्ता, डॉ. दीपक अग्रवाल, डॉ. अरविंद यादव, डॉ. मनोज अग्रवाल, डॉ. एस.के. सिंह, डॉ. मयंक बंसल, डॉ. अमित नारायण गुप्ता, डॉ. कार्तिक सिंघल, डॉ. अमित सिंह, डॉ. रजत उपाध्याय, डॉ. मनोज यादव, डॉ. एन.के. शर्मा, डॉ. शोभित सहित बड़ी संख्या में गणमान्य चिकित्सक उपस्थित रहे।