आगरा के डौकी में ट्रांसफार्मर चोर गिरोह का भंडाफोड़, पुलिस ने आठ शातिर किये गिरफ्तार,  हथियार, औजार, वाहन और 62 किलो तांबे का तार बरामद

आगरा में विद्युत ट्रांसफार्मर चोरी की बढ़ती घटनाओं पर डौकी पुलिस, सर्विलांस टीम और एसओजी पूर्वी की संयुक्त कार्रवाई ने बड़ा प्रहार किया है। थाना डौकी क्षेत्र से ट्रांसफार्मर चोर गिरोह के आठ शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में चोरी का तांबा, हथियार, वाहन और उपकरण बरामद किए गए हैं। पूरे मामले का खुलासा डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने किया।

Feb 6, 2026 - 21:30
 0
आगरा के डौकी में ट्रांसफार्मर चोर गिरोह का भंडाफोड़, पुलिस ने आठ शातिर किये गिरफ्तार,  हथियार, औजार, वाहन और 62 किलो तांबे का तार बरामद
थाना डौकी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गये ट्रांसफॊर्मर चोरी गैंग के सदस्य और इनके बारे में जानकारी देते डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल।

आगरा। आगरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना डौकी पुलिस, सर्विलांस टीम और एसओजी पूर्वी की संयुक्त टीम ने विद्युत ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले संगठित गिरोह के 08 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह लंबे समय से डौकी, फतेहाबाद और बमरौली कटारा क्षेत्र में सक्रिय था और ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाकर भारी नुकसान पहुंचा रहा था।

डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि पिछले दिनों एक वादी के कोल्ड स्टोरेज से ट्रांसफार्मर के तांबे के तार और बैटरी चोरी होने की सूचना मिली थी। इसी घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया, जिसके बाद गिरोह तक पहुंच बनाई गई।

गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम मुकेश, सुरेश, धर्मेंद्र, अंशू, शिवनारायण, रंजीत, प्रशांत और अनिल बताए गए हैं। सभी अभियुक्त राजस्थान के निवासी हैं और अलग-अलग क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य पहले इलाके की रैकी करते थे। इसके बाद दो लोग निगरानी रखते, जबकि अन्य सदस्य बिजली लाइन काटकर ट्रांसफार्मरों से तांबे का तार और तेल चोरी करते थे। चोरी के बाद ट्रांसफार्मरों के आयरन और तांबे को अलग-अलग स्थानों पर बेच दिया जाता था।

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 62.4 किलोग्राम तांबे का तार, 14 रिंच-पाना, पेचकस, प्लास, पाइप रिंच, आरी, लोहे की रॉड, सात हजार रुपये नकद, चोरी में प्रयुक्त बोलैरो और क्विड कार, दो तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

तमंचे मुकेश और सुरेश के पास से बरामद हुए हैं। बरामद दोनों वाहन चोरी की वारदातों से पहले रैकी करने और बाद में तांबे के तार ढोने के लिए इस्तेमाल किए जाते थे।

इस कार्रवाई में एसीपी अनिल कुमार, थाना प्रभारी डौकी सुनीत शर्मा, और सर्विलांस प्रभारी सचिन तोमर की अहम भूमिका रही। डीसीपी ने बताया कि टीमों की कड़ी मेहनत से इस गिरोह का खुलासा संभव हो सका है।

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह ने आगरा जनपद के किन-किन अन्य क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। अभियुक्तों से पूछताछ जारी है और आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor