धर्मांतरण के नाम पर लालच का जाल! आगरा में ईसाई धर्म परिवर्तन का प्रयास विफल, दो गिरफ्तार
आगरा। शहर के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली आवास विकास कॉलोनी, सेक्टर-5 में बुधवार को धर्म परिवर्तन का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि हिंदू महिला को ईसाई धर्म अपनाने के लिए पैसों और जमीन का लालच दिया गया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने इस पूरे घटनाक्रम को “ईसाई धर्म परिवर्तन जिहाद” बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
धर्म परिवर्तन का प्रस्ताव और धमकी का अंदेशा
स्थानीय निवासी वीरेंद्र गौतम ने बताया कि दोपहर लगभग 11:30 बजे एक अज्ञात पुरुष व महिला उनके घर पहुंचे और उनकी पत्नी को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने लगे। उन्होंने हिंदू धर्म को नीचा दिखाया और ईसाई धर्म को ‘श्रेष्ठ’ बताकर रुपए व जमीन देने की बात कही। जब वीरेंद्र ने आपत्ति जताई तो उन्हें शक हुआ कि दोनों की भाषा स्थानीय नहीं है।
सूचना मिलते ही मोहल्ले के लोगों ने 112 नंबर पर पुलिस को बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पकड़े गए आरोपी, मिलीं धर्म प्रचार सामग्री
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अच्युत कुमार देवडी (निवासी अरुणाचल प्रदेश) और प्रशन्ना धान (निवासी रांची, झारखंड) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से धर्म प्रचार संबंधी किताबें और पर्चे भी बरामद किए हैं। दोनों को जगदीशपुरा थाने में रखकर पूछताछ जारी है।
थाना प्रभारी ने कहा है कि आरोपियों से पूछताछ के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि वे किसी संगठित धर्मांतरण गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विहिप और बजरंग दल का विरोध
घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध दर्ज कराया। विहिप के जिला उपाध्यक्ष करण गर्ग ने कहा कि अब तक मुस्लिम धर्मांतरण की बातें सामने आती थीं, लेकिन अब ईसाई संगठनों द्वारा भी ऐसे प्रयास हो रहे हैं। यह ‘धर्म परिवर्तन का जिहाद’ है, जो किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जाए और इसके पीछे की साजिश को उजागर किया जाए।
इस दौरान विहिप के प्रांत उपाध्यक्ष सुनील पाराशर, बजरंग दल के प्रांत संयोजक दिग्विजय नाथ तिवारी, जिला मंत्री प्रदीप शर्मा, जिला सहमंत्री शिवम दुबे, जिला संयोजक अनुज पाठक, कार्तिक मुद्गल, यशवर्धन सिंह राजावत, जगदीश सिंह व लक्ष्मण गौतम समेत बड़ी संख्या में विहिप व बजरंग दल कार्यकर्ता उपस्थित रहे।