आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अयोध्या से लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैवलर ट्रेलर में घुसी, दो की मौत, 11 घायल
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के फतेहाबाद क्षेत्र में अयोध्या से आगरा आ रही गुजरात के श्रद्धालुओं से भरी मिनी ट्रैवलर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। भीषण हादसे में प्रदीप (53) और जनक बेन (58) की मौत हो गई। 11 अन्य यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। यूपीडा और पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर यातायात सुचारू कराया।
तड़के चार बजे फतेहाबाद में हुआ दर्दनाक हादसा, टक्कर से मिनी बस का अगला हिस्सा चकनाचूर, गुजरात के सूरत के रहने वाले थे सभी श्रद्धालु, यूपीडा की टीम ने रेस्क्यू कर एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया
आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों भरे धार्मिक सफर को मातम में बदल दिया। अयोध्या में रामलला के दर्शन कर आगरा में ताजमहल देखने आ रहे गुजरात के श्रद्धालुओं से भरी मिनी ट्रैवलर आगे चल रहे भारी वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैवलर का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में एक महिला समेत दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई गई है।
दुर्घटना शनिवार सुबह करीब चार बजे फतेहाबाद थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 37.100 पर हुई। हादसे की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की रेस्क्यू टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को एंबुलेंस से आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने दो यात्रियों को मृत घोषित कर दिया।
अयोध्या में दर्शन के बाद ताजमहल देखने आ रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक, गुजरात के सूरत निवासी धीरज पाटिल पुत्र सुरेश मिनी ट्रैवलर चला रहे थे। वह गुजरात से श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या दर्शन कराने आए थे। शुक्रवार शाम करीब सात बजे अयोध्या से दर्शन करने के बाद सभी यात्री आगरा के लिए रवाना हुए थे। उनका कार्यक्रम ताजमहल देखने का था। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ घंटों बाद उनका सफर इस दर्दनाक हादसे में बदल जाएगा।
शनिवार तड़के करीब चार बजे जब ट्रैवलर फतेहाबाद क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 37.100 पर पहुंची, तभी आगे चल रहे भारी वाहन से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। चालक धीरज पाटिल के मुताबिक, आगे चल रहे वाहन ने अचानक ब्रेक लगा दिए थे। वाहन के पीछे लाइट नहीं जल रही थी। इस कारण उन्हें समय रहते वाहन का अंदाजा नहीं हो सका और ट्रैवलर पीछे से उसमें जा घुसी।
टक्कर के बाद मची चीख-पुकार, बस में फंसे यात्री
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में बैठे यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कई यात्री गंभीर रूप से घायल होकर अंदर फंस गए। एक्सप्रेसवे पर अचानक हुई इस दुर्घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची यूपीडा की रेस्क्यू टीम ने पुलिस की मदद से राहत अभियान शुरू किया। क्षतिग्रस्त ट्रैवलर में फंसे यात्रियों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
दो श्रद्धालुओं ने अस्पताल में तोड़ा दम, मृतकों की हुई पहचान
एसएन मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने प्रदीप पुत्र किशन (53) और जनक बेन पत्नी कीरत सिंह (58) को मृत घोषित कर दिया। दोनों की मौत की खबर से उनके परिवारों में कोहराम मच गया। धार्मिक यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के लिए यह सफर जिंदगी का सबसे दर्दनाक हादसा बन गया।
घायलों में मनोहर पुत्र शिंदे, उमा बेन पत्नी प्रदीप सिंह, पदम बेन पत्नी सुरेंद्र सिंह, उर्वशी बेन पत्नी पलिया, किंटू कुमारी, कीरत सिंह, पृथ्वी पुत्र वीरेंद्र सिंह, कृरूठा पुत्री वीरेंद्र सिंह, बरसा बेन पत्नी मनोहर सिंह, रेणुका बेन पत्नी इंद्र सिंह और हिना बेन पत्नी करनवा सहित अन्य यात्री शामिल हैं। सभी का एसएन मेडिकल कॉलेज में उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस ने हटवाए क्षतिग्रस्त वाहन, यातायात कराया सुचारू
फतेहाबाद के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है। घायलों को उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पुलिस और यूपीडा की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य कराया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात सुचारू करा दिया गया है।