हरित आगरा अभियान में वृक्षारोपण हुआ. तुलसी वितरण से जागरूकता का संदेश
आगरा। आगरा में पर्यावरण संरक्षण को लेकर सामाजिक संगठनों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार को दो अलग-अलग स्थानों पर वृक्षारोपण और तुलसी वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित कर समाज को पर्यावरण जागरूकता का संदेश दिया गया। इन अभियानों में न केवल बड़ी संख्या में पौधे लगाए और वितरित किए गए, बल्कि जनमानस को हरियाली से जोड़ने का प्रयास भी किया गया।
पर्यावरण मित्र संस्था ने रोपे दर्जनों पौधे
पर्यावरण मित्र संस्था के तत्वावधान में शुक्रवार को राजेश अग्रवाल के फार्म हाउस (जिन्हें इस बार रामलीला में राजा जनक की भूमिका निभाने का सौभाग्य मिला है) पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर 80 कनेर, 25 नींबू, 4 कचनार सहित अन्य पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम में पर्यावरण मित्र के संस्थापक अनिल गोयल, राजेश अग्रवाल, सीताराम अग्रवाल (नेशनल चैंबर), गौतम सेठ (सत्यमेव जयते व हेल्प आगरा), पीके उपाध्याय, डीपी सिंह (दोनों रिटायर्ड डीएफओ), मनीष श्रीवास्तव, एवं ट्री एंबुलेंस स्टाफ ने भाग लिया।
श्रीराम चौक पर तुलसी वितरण का आयोजन
भारत विकास परिषद् नवज्योति शाखा द्वारा कमला नगर स्थित श्रीराम चौक पर तुलसी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान क्षेत्रवासियों को लगभग 501 तुलसी के पौधे वितरित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बृज प्रांत अध्यक्ष उमेश बंसल, महासचिव विवेक अग्रवाल, पार्षद पंकज अग्रवाल, संरक्षक श्रीनाथ गुप्ता एवं संस्थापक प्रदीप अग्रवाल रहे।
अध्यक्ष सीए दीपिका मित्तल ने तुलसी के औषधीय गुणों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह केवल पौधा नहीं, बल्कि प्रकृति की एक औषधीय धरोहर है। सचिव अनिल अग्रवाल व कोषाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल ने कहा कि तुलसी को घरों में लगाना और उसकी देखभाल करना, पर्यावरण को स्वच्छ रखने की दिशा में एक प्रभावी कदम है।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष अनुराग भटनागर, हिमांशु गर्ग, स्पर्श जैन, नरेंद्र गर्ग, मोहित अग्रवाल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।