बिहार में सीटों पर फंसा पेंच, चिराग पासवान ने नौ सितंबर को बुलाई आपात बैठक
पटना। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने बिहार विधानसभा चुनाव और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा के लिए गुरुवार (9 अक्टूबर) को पटना कार्यालय में एक इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है। इस बैठक में पार्टी के चुनाव सह प्रभारियों, सांसदों, पार्टी के प्रधान महासचिव, प्रदेश उपाध्यक्ष और पार्टी के सभी प्रकोष्ठों के अध्यक्षों को बुलाया गया है। बिहार चुनाव के लिए प्रभारी बनाए गए सांसद अरुण भारती इस इमरजेंसी मीटिंग की अध्यक्षता करेंगे। चिराग दिल्ली रवाना हो रहे हैं। सुबह 10 बजे पटना में पार्टी कार्यालय में चिराग पासवान की गैरमौजूदगी में यह बैठक शुरू होगी।
चिराग पासवान की पार्टी ने ये बैठक ऐसे समय में बुलाई है जब एनडीए में सीट शेयरिंग को लेकर पेच फंसा हुआ है। चिराग पासवान को मनाने की कोशिश जारी है। सूत्रों के मुताबिक, चिराग पासवान को 36-40 सीटें चाहिए लेकिन उन्हें 20-22 सीट का ऑफर है। सूत्रों की मानें तो चिराग अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।
पिछले विधानसभा चुनाव में चिराग पासवान की पार्टी एनडीए में शामिल नहीं थी। चिराग ने बिहार की 135 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे लेकिन पार्टी को महज 1 सीट पर ही जीत हासिल हुई। 110 सीटों पर उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी।
बुधवार (8 अक्तूबर) को चिराग पासवान अपने पैतृक गांव पहुंचे। यहां अपने दिवंगत पिता और एलजेपी के संस्थापक रामविलास पासवान को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी। सीट शेयरिंग पर उन्होंने कहा, "मैं एक बात स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि बातचीत अच्छी तरह से चल रही है और मैं मानता हूं कि सही समय पर सही फैसला ले लिया जाएगा। जैसे ही चर्चा पूरी हो जाएगी, वो आपके साथ साझा की जाएगी लेकिन बार-बार यह आरोप लगाना कि चिराग नाराज हैं, चिराग पासवान सिर्फ एक मांग करता है, वो है बिहार को फर्स्ट और बिहारियों को फर्स्ट बनाने की। चिराग की मांग ना किसी पद को लेकर है, ना किसी से नाराजगी को लेकर है और ना किसी की सीटों को लेकर है।"