आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे पर धान से भरा ट्रक रेलिंग तोड़ खाई में जा गिरा, चालक–परिचालक सुरक्षित

आगरा। आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार को बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। थाना फतेहाबाद क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 34 के पास धान से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़ता हुआ नीचे खाई में जा गिरा। हादसे की वजह चालक को आई अचानक नींद की झपकी बताई जा रही है। गनीमत रही कि इस भीषण दुर्घटना में चालक और परिचालक दोनों की जान बच गई।

Jan 19, 2026 - 22:19
 0
आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे पर धान से भरा ट्रक रेलिंग तोड़ खाई में जा गिरा, चालक–परिचालक सुरक्षित
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे के बाद फतेहाबाद क्षेत्र में खाई में गिरा ट्रक।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार ट्रक एक्सप्रेसवे पर दौड़ रहा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया। ट्रक ने पहले रेलिंग को टक्कर मारी और फिर जोरदार आवाज के साथ खाई में पलट गया। धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा (उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण) की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक में फंसे चालक और परिचालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लंबे समय तक लगातार ड्राइविंग के कारण चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे यह हादसा हुआ। दुर्घटना के चलते कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारु कर दिया गया।

SP_Singh AURGURU Editor