आगरा में सैंया चौराहे पर कहर बनकर आया ट्रक, महिला की मौत और पांच घायल
आगरा। सैंया थाना क्षेत्र में बुधवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब शाम करीब 6 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गया। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक धौलपुर की ओर से आ रहा था और सैंया चौराहे पर एक केन्ट्रा वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया। ट्रक हाईवे किनारे फुटपाथ में जा घुसा, जहां लोग वाहन पकड़ने के लिए खड़े थे। ट्रक की चपेट में आने से मोना (32 वर्ष) पत्नी बनवारी, निवासी बघेल मोहल्ला, सैंया की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना में मोना की छह वर्षीय पुत्री राधिका, बिमलेश (40) निवासी जगनेर, नागेश (20) निवासी कस्बा सैंया और नीरज (35) पुत्र छोटेलाल, निवासी तोडूपुरा गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार हेतु आगरा के अस्पताल में भिजवाया, जबकि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे हाईवे पर यातायात करीब आधे घंटे तक बाधित रहा। पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद मार्ग को सुचारु कराया। ट्रक को क्रेन की सहायता से हटाने का प्रयास जारी है।
Bottom of Form