आगरा में रमाडा के पास रिंग रोड पर ट्रक का कहर, एक्टिवा सवार युवकों को कुचला, एक की मौत, दूसरा गंभीर
आगरा। आगरा में रिंग रोड पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रमाडा होटल के पास तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने एक्टिवा सवार दो युवकों को रौंद दिया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक्टिवा सवार युवक जैसे ही रिंग रोड से गुजर रहे थे, तभी अचानक ट्रक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ट्रक सीधे स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत एस.एन. मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे इलाज के लिए भर्ती किया गया है।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक शमशाबाद क्षेत्र के निवासी थे और उनकी उम्र करीब 22-22 वर्ष थी। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल में भारी भीड़ जुट गई।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।