ट्रंप ने फिर दी धमकी, कहा- भारत पर 24 घंटे के भीतर भारी टैक्स लगाएंगे

वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार (5 अगस्त, 2025) को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि मैं 24 घंटे के भीतर भारत पर भारी टैरिफ लगाऊंगा। उन्होंने रूस को वॉर मशीन बताते हुए कहा कि भारत उसको ईंधन दे रहा है। 

Aug 5, 2025 - 20:10
 0
ट्रंप ने फिर दी धमकी, कहा- भारत पर 24 घंटे के भीतर भारी टैक्स लगाएंगे

ट्रंप ने सीएनबीसी को दिए इंटरव्यू में कहा, 'भारत एक अच्छा व्यापारिक साझेदार नहीं रहा है क्योंकि वे हमारे साथ काफी व्यापार करते हैं, लेकिन हम उनके साथ व्यापार नहीं करते। इसलिए हमने 25 फीसदी टैरिफ पर समझौता किया था, लेकिन मुझे लगता है कि मैं अगले 24 घंटे में इसे काफी बढ़ा दूंगा क्योंकि वे रूस से तेल खरीद रहे हैं।'

अमेरिकी राष्ट्रपति का ये बयान ऐसे समय पर आया है, जब एक दिन पहले ही उन्होंने कहा था कि वो भारत पर टैरिफ और बढ़ाएंगे।  उन्होंने कहा था कि भारत रूस से तेल खरीदकर उसे मुनाफे पर बेच रहा है। ट्रंप के इस बयान पर भारत ने कच्चे तेल के निर्यात को लेकर अमेरिका और यूरोपीय यूनियन की आलोचना की थी। 

विदेश मंत्रालय ने कहा, 'भारत का आयात वैश्विक बाजार की स्थिति के कारण एक आवश्यकता है। इसकी आलोचना करने वाले देश खुद रूस के साथ व्यापार करते हैं, जबकि ऐसा व्यापार कोई महत्वपूर्ण बाध्यता भी नहीं है।'

आधिकारिक बयान में कहा गया है, 'यूरोप-रूस व्यापार में न केवल ऊर्जा, बल्कि उर्वरक, खनन उत्पाद, रसायन, लोहा और इस्पात तथा मशीनरी और परिवहन उपकरण भी शामिल हैं।' भारत ने क्लीयर कर दिया कि वह अपने राष्ट्रीय हितों और आर्थिक सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगा।