भरोसे की कीमत बनी जान: दिल्ली के व्यापारी की बागपत में हत्या कर जमीन में दफनाया गया शव

बागपत। विश्वास की एक डोर जब छल से टूटती है, तो उसके पीछे सिर्फ धोखा नहीं, बल्कि एक जीवन की त्रासदी छुपी होती है। ऐसा ही कुछ हुआ दिल्ली के डेयरी व्यापारी राहुल गोयल के साथ, जिनका शव यूपी के बागपत जिले के डौला गांव में जमीन से बरामद हुआ।

Jul 6, 2025 - 20:52
 0
भरोसे की कीमत बनी जान: दिल्ली के व्यापारी की बागपत में हत्या कर जमीन में दफनाया गया शव
बागपत जिले में बड़ौत थाने में डौला गांव की वह जगह जहां व्यापारी राहुल गोयल की हत्या कर शव जमीन में दफना दिया गया था।

-ब्याज के लालच में बुलाया गांव, फिर कर दी नृशंस हत्या; पत्नी की पुकार पर खुला राज

राहुल गोयल, जो ब्याज पर धन देने का कारोबार भी करते थे, उनकी मुलाकात दिल्ली बुराड़ी में सड़क किनारे भविष्यफल बताने वाले इंद्रपाल से हुई। बातों ही बातों में इंद्रपाल ने राहुल का विश्वास जीत लिया। पहले छोटी रकम लौटाकर भरोसे की बुनियाद बनाई और फिर एक दिन 40 लाख रुपये ब्याज पर लिए और भाग गया।

जब राहुल ने दबाव बनाया तो इंद्रपाल ने उसे बड़ौत बुलाकर पैसे लौटाने का झांसा दिया। एक जुलाई को राहुल बड़ौत पहुंच गए, फिर कभी लौटे नहीं। दो जुलाई तक पत्नी से बातचीत होती रही, लेकिन फिर फोन खामोश हो गया। 4 जुलाई को पत्नी कीर्ति बड़ौत पहुंचीं और जब पुलिस के पास गुहार लगाई, तो कहानी का दिल दहला देने वाला सच सामने आया।

पुलिस ने जब इंद्रपाल को कड़ी पूछताछ में लिया, तो वह टूट गया। उसने बताया कि राहुल की हत्या कर शव को गांव में ही जमीन में दफना दिया था। पुलिस उसे लेकर डौला गांव में मौके पर पहुंची, मिट्टी हटाई गई और राहुल की लाश सामने आई। साथ ही उभर आया एक परिवार का बिखरता विश्वास और असहनीय दुःख।

राहुल की पत्नी कीर्ति और परिजन शव को देखते ही बेसुध हो गए। डौला गांव सन्न था। लोग स्तब्ध थे कि कैसे कोई पैसा हड़पने के लिए इतनी दरिंदगी कर सकता है। इंद्रपाल के परिवार को भी इस घटना पर भरोसा नहीं हो रहा था।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह मामला केवल एक हत्या नहीं, बल्कि उस विश्वास का वध है जो एक इंसान ने दूसरे इंसान पर किया था।

SP_Singh AURGURU Editor