छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों से मुठभेड़ में 12 नक्सली मरे, दो जवान शहीद
बीजापुर। छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ की खबर है। घटना आज तड़के की है। सुरक्षाबलों को नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षा बल जंगल में तलाशी अभियान पर निकले थे। इसी बीच नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर हमला कर दिया। जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में 12 से ज़्यादा नक्सलियों के मारे जाने की खबर सामने आ रही है। एनकाउंटर में दो जवान भी शहीद हुए हैं।
छत्तीसगढ़ में पंचायत चुनाव से पहले सुरक्षाबलों ने यह बड़ी कार्रवाई की है। बीजापुर के नेशनल पार्क के जंगलों में नक्सलियों के होने की खबर मिली थी। इस पर सुरक्षा बल कार्रवाई के लिए गए थे। 9 फरवरी की सुबह नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। घंटों चली इस मुठभेड़ में कई नक्सली मारे गए हैं।
बस्तर के आईजी पी सुंदरराज ने इस मुठभेड़ की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बीजापुर के नेशनल पार्क इलाके में मुठभेड़ हुई है। नक्सलियों को भारी नुकसान हुआ है। सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है। पूरा होने के बाद ही मारे गए नक्सलियों की सही संख्या का पता चल पाएगा।
अभी तक मिली जानकारी के अनुसार 12 से ज्यादा नक्सली मारे गए हैं। हालांकि अभी तक इस खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षाबलों को उम्मीद है कि सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद और भी नक्सलियों के मारे जाने की खबर आ सकती है।