आगरा के एकलव्य स्टेडियम में बाबा जोरावर सिंह-बाबा फतेह सिंह स्मृति अंडर-19 ऒल इंडिया हॉकी टूर्नामेंट में भिड़ेंगी 12 टीमें, ऑस्ट्रेलियन कुकबुरा बॉल से होगा हर मुकाबला
देश भर की 12 चुनिंदा हॉकी टीमें 21 से 25 दिसंबर तक आगरा के एकलव्य स्टेडियम की सिंथेटिक टर्फ पर इंटरनेशनल टच के साथ कुकबुरा गेंद से अपना श्रेष्ठ कौशल दिखाने उतरेंगी।
आगरा। ऑल इंडिया साहिबजादा बाबा जोरावर सिंह–बाबा फतेह सिंह स्मृति अंडर-19 प्राइजमनी हॉकी टूर्नामेंट इस बार अंतर्राष्ट्रीय स्तर की झलक पेश करेगा। 21 से 25 दिसंबर तक एकलव्य स्टेडियम में खेले जाने वाले सभी मुकाबले ऑस्ट्रेलिया से मंगाई गई कुकबुरा हॉकी गेंदों से होंगे, जिनसे विश्वस्तरीय हॉकी मैच खेले जाते हैं। आयोजकों का कहना है कि खिलाड़ियों को वर्ल्ड-क्लास अनुभव दिलाने के लिए विशेष रूप से कुकबुरा बॉल मंगाई गई हैं। टूर्नामेंट में जूनियर इंडिया टीम/कैम्प प्लेयर भी आगरा पहुंच रहे हैं, जिससे प्रतियोगिता और रोमांचक होने की उम्मीद है।
टूर्नामेंट का आयोजन सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी और आगरा हॉकी मास्टर्स के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजन सचिव राजीव सोई ने बताया कि 21 से 23 दिसंबर तक प्रतिदिन चार मुकाबले होंगे, जबकि 24 दिसंबर को दोनों सेमीफाइनल और 25 दिसंबर को फाइनल खेला जाएगा। उद्घाटन केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल करेंगे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता गुरुद्वारा गुरु का ताल के संत बाबा प्रीतम सिंह करेंगे। इस अवसर पर गुरुद्वारे के जांबाज खिलाड़ी प्राचीन गतका साहब का प्रदर्शन भी प्रस्तुत करेंगे।
राजीव सोई के अनुसार विजेता टीम को 51 हजार, उपविजेता को 31 हजार और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 11 हजार रुपये नकद राशि व ट्रॉफी दी जाएगी। इसके साथ ही प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, बेस्ट गोलकीपर, बेस्ट डिफेंडर और बेस्ट फारवर्ड को भी सम्मानित किया जाएगा।
देशभर की ये 12 टीमें उतरेंगी मैदान में
स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया लखनऊ, स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ, रामपुर हॉकी अकादमी लुधियाना, सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी आगरा, सेल हॉकी अकादमी राऊरकेला, राजा करन हॉकी अकादमी करनाल, मेघवर्ण अकादमी वाराणसी, विजय अकादमी प्रयागराज, नामधारी अकादमी हरियाणा, सरस्वती हॉकी यमुना नगर, नवल टाटा अकादमी जमशेदपुर और स्पोर्ट्स हॉस्टल झांसी की टीमें मैदान में उतरेंगी। सभी टीमों के लिए 20 दिसंबर को सिंथेटिक टर्फ पर अभ्यास सत्र भी निर्धारित किया गया है।
क्वालीफाइड अंपायर कराएंगे मुकाबले
टूर्नामेंट संयोजक अमिताभ गौतम ने बताया कि सभी मैच क्वालीफाइड अंपायर कराएंगे। आगरा के राष्ट्रीय स्तर के अंपायर भी सहयोगी की भूमिका निभाएंगे। टूर्नामेंट सेवन-ए-साइड फॉर्मेट में होगा, जिसमें प्रत्येक टीम में 10 खिलाड़ी शामिल होंगे। मैच हॉकी इंडिया के नियमों के अनुसार कराए जाएंगे।